#😨 बेंगलुरु: सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत कर्नाटक के बेंगलुरु ग्रामीण जिले में शुक्रवार तड़के एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया. होसकोटे-डाबास्पेटे राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एम. सत्यवारा गांव के पास हुए इस भीषण एक्सीडेंट में 7 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि इसमें एक ट्रक, एक मोटरसाइकिल और एक महिंद्रा एक्सयूवी कार के परखच्चे उड़ गए. घटना के बाद सामने आए भयावह वीडियो ने इस हादसे की गंभीरता को स्पष्ट कर दिया है, जिसमें राजमार्ग पर चारों ओर तबाही का मंजर दिखाई दे रहा है.
हादसे की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि ट्रक अपने बेस स्ट्रक्चर यानी चेसिस से पूरी तरह अलग होकर पलट गया और उसके पहिए टूटकर दूर जा गिरे. आमतौर पर बेहद मजबूत माना जाने वाला चेचिस का इस तरह बिखर जाना वाहन की अत्यधिक गति और टक्कर के घातक प्रभाव को दर्शाता है. वीडियो में एक्सयूवी कार का अगला हिस्सा मलबे के ढेर में तब्दील नजर आ रहा है, जिससे यह साफ है कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला.