Ambala Media:"
नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण समाचार
अम्बाला में 16 से 30 अप्रैल तक स्व-गणना अभियान, नागरिक खुद भर सकेंगे जनगणना विवरण
अम्बाला, 15 अप्रैल 2026।
उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा राज्य में स्व-गणना प्रक्रिया 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित की जाएगी। इस दौरान नागरिक आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपनी जनगणना से संबंधित जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि यह पहल डिजिटल शासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसके तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिक मोबाइल, टैबलेट या कंप्यूटर के माध्यम से घर बैठे अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट स्व-गणना पहचान संख्या (एसई आईडी) दी जाएगी, जबकि गणनाकर्मी केवल जानकारी का सत्यापन करेंगे।
ऐसे करें स्व-गणना:
नागरिक सबसे पहले निर्धारित पोर्टल पर जाकर मोबाइल नंबर और ओटीपी के माध्यम से पंजीकरण करें। इसके बाद डिजिटल मानचित्र पर अपने घर का स्थान चिन्हित करें और परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी भरें। आवास और सुविधाओं से जुड़ी जानकारी दर्ज करने के बाद प्रपत्र जमा कर एसई आईडी प्राप्त करें।
क्या-क्या जानकारी देनी होगी:
इस प्रपत्र में लगभग 33 प्रश्न शामिल किए गए हैं, जिनमें परिवार के सदस्यों का विवरण, मकान की स्थिति (ग्रामीण/शहरी), पेयजल, बिजली, स्वच्छता, शिक्षा और सामाजिक-आर्थिक जानकारी के साथ मोबाइल नंबर देना अनिवार्य होगा।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया के लिए किसी भी दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी और नागरिकों द्वारा दी गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इन आंकड़ों का उपयोग केवल विकासात्मक और सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
अपील:
उपायुक्त ने जिलावासियों से आह्वान किया कि वे इस डिजिटल जनगणना अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और सही व पूर्ण जानकारी देकर इस महत्वपूर्ण कार्य को सफल बनाएं।
##radha soami Ambala #I ❤️️ इंडियन आर्मी 🇮🇳 #🚗🧗🏻भारत भ्रमण व सफर प्रेमी🚂⛰ #Ambala Media