#🆕 ताजा अपडेट #📰 बिहार अपडेट #सोनपुर #प्रेम विवाह #पकङौआ शादी
सोनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से सामने आए प्रसारित वायरल वीडियो ने ग्रामीण समाज में आज भी मौजूद ‘पकड़उआ विवाह’ जैसी परंपरा को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
प्रेम-संबंध से जुड़ा यह मामला अब गांव की चौपाल तक सीमित नहीं रह गया, बल्कि इंटरनेट मीडिया के माध्यम से व्यापक बहस का विषय बन गया है। वीडियो के सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और लोग अपने-अपने नजरिए से इसे देख रहे हैं।
प्रसारित वीडियो में एक युवक और युवती को विवाह की रस्में निभाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में युवक युवती की मांग में सिंदूर भरता हुआ नजर आ रहा है, वहीं दोनों को फेरे लेते हुए भी दिखाया गया है।
बताया जा रहा है कि युवक दरियापुर थाना क्षेत्र के झऊवा टोला गांव का निवासी है, जो अपनी प्रेमिका से मिलने सोनपुर क्षेत्र में पहुंचा था। इसी दौरान दोनों के पकड़े जाने के बाद स्वजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में उनकी शादी कर दी गई। वीडियो में युवती के सगे संबंधियों की मौजूदगी भी बताई जा रही है।
वीडियो प्रसारित होने के बाद यह सवाल उठने लगा है कि यह विवाह आपसी सहमति से हुआ प्रेम विवाह है या फिर सामाजिक दबाव में कराया गया निर्णय। एक वर्ग इसे प्रेम-संबंध को वैधानिक रूप देने की पहल मान रहा है, जबकि दूसरा पक्ष इसे ग्रामीण समाज में प्रचलित उस सोच का उदाहरण बता रहा है, जहां प्रेम संबंध सामने आने पर पंचायत या भीड़ द्वारा शादी को ही “समाधान” मान लिया जाता है।
हालांकि, इस पूरे मामले में न तो किसी पंचायत का आधिकारिक बयान सामने आया है और न ही प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया दी गई है। दैनिक जागरण प्रसारित वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता।
यह घटना केवल एक वीडियो तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि इसने कानून, व्यक्तिगत सहमति और सामाजिक परंपराओं के बीच टकराव को उजागर कर दिया है। सवाल उठ रहा है कि आधुनिक समय में क्या किसी भी परिस्थिति में जबरन विवाह को सामाजिक मान्यता मिलनी चाहिए।
फिलहाल इस वीडियो ने इलाके में सनसनी फैला दी है और ‘पकड़उआ विवाह’ जैसी प्रथाओं को लेकर बहस एक बार फिर तेज हो गई है।