Parmod Jain
1K views 3 days ago
कौशांबी/प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज और कौशांबी की सीमा पर स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में सोमवार को भीषण विस्फोट हो गया। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं कई लोगों के फैक्ट्री के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा कौशांबी जिले के मोहम्मदपुर गांव में हुआ, जो प्रयागराज बॉर्डर के पास स्थित है। धमाका इतना जबरदस्त था कि पूरी फैक्ट्री जमींदोज हो गई। घटना की ताजा रिपोर्टों में कम से कम पांच मौतों और कई लोगों के घायल होने की पुष्टि की गई है। बताया जा रहा है कि विस्फोट का असर आसपास के इलाके में भी पड़ा और करीब 50 मीटर के दायरे में कई मकानों को नुकसान पहुंचा। हादसे के वक्त फैक्ट्री में बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे। आसपास के घरों में रहने वाले कुछ लोग भी घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। पुलिस और एयरफोर्स की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। मोहम्मदपुर गांव से मनौरी स्थित एयरफोर्स स्टेशन की दूरी करीब डेढ़ किलोमीटर बताई जा रही है। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और मृतकों व घायलों की संख्या में बदलाव संभव है। #उत्तर प्रदेश
11 shares

More like this