महेश मरवा में गन फैक्ट्री का उद्भेदन, आधा दर्जन अपराधी गिरफ्तार
---------------------------------------------
गांडेय.गांडेय थाना क्षेत्र के महेशमरवा गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार निर्माण गिरोह का उद्भेदन किया है. गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार को की गई छापेमारी में पुलिस ने आधा दर्जन अपराधियों को गिरफ्तार किया और भारी मात्रा में हथियार व उपकरण जब्त किए.
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के नेतृत्व गठित विशेष टीम ने गांव और आसपास के इलाकों में छापेमारी की. छापे के दौरान एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि छह को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों में शायर अली, फुरकान अंसारी, मो. चुन्ना उर्फ वसीम, मो. शमीर मल्लिक उर्फ सद्दाम, मो. मंगली और मो. कमरुदीन उर्फ सदना शामिल हैं. पुलिस ने एक आरोपी उस्मान अंसारी को फरार घोषित करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है.छापेमारी में पुलिस ने छह देसी पिस्टल, ग्यारह मैगजीन, पाँच जिंदा कारतूस, अधबनी पिस्टलें, पिस्टल के बैरल-बट-स्लाइड, लोहे की रॉड, फ्रेम, ट्रिगर, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, हथौड़ी, रेंच आदि करीब चालीस प्रकार के उपकरण जब्त किए. इसके अलावा, एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई.
पुलिस जांच में सामने आया कि कुछ दिन पहले ही गांव में एक छोटी फैक्ट्री की तरह हथियार बनाने का काम शुरू किया गया था.गिरफ्तार आरोपियों में कुछ अपराधी पहले भी आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुके हैं. टीम में गांडेय थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह, अहिल्यापुर थाना प्रभारी गुलाम गौस हुस्सामी, ताराटांड़ थाना प्रभारी सुशांत कुमार चिरंजीवी, एसआई मनोज कुमार और देव आनंद मारला समेत कई अधिकारी शामिल थे. #गिरिडीह की खबरें 📰


