#🆕 ताजा अपडेट *फतेहाबाद में मैक्स-ट्रैक्टर भिड़ंत, आठ लोग गंभीर घायलः शमसाबाद रोड पर मंगलवार शाम हुआ हादसा, पुलिस जांच में जुटी*
आगरा। फतेहाबाद-शमसाबाद रोड पर मंगलवार शाम करीब आठ बजे एक मैक्स गाड़ी और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में मैक्स गाड़ी में सवार आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सभी घायलों को कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव महाराजपुर में मंगलवार को त्रयोदशी संस्कार के अवसर पर एक दावत का आयोजन था। फतेहाबाद क्षेत्र के गांव जगराजपुर निवासी रामबरन (पुत्र कालीचरन), उनकी बेटी गोलू, मनीष (पुत्र बलवीर सिंह), किट्टू (पुत्र भोगेंद्र सिंह), खुशबू (पुत्री भूरी सिंह), रूची (पुत्री कामराज) और अमित (पुत्र मनोज) इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मैक्स गाड़ी से महाराजपुर गए थे।
कार्यक्रम में शामिल होने के बाद ये सभी लोग मैक्स गाड़ी से अपने गांव जगराजपुर लौट रहे थे। बताया गया है कि फतेहाबाद-शमसाबाद रोड पर एक पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही उनकी मैक्स गाड़ी की सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैक्स गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सहायक पुलिस आयुक्त अनिल कुमार और थाना फतेहाबाद के इंस्पेक्टर तरुण धीमान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त गाड़ी से बाहर निकाला और तुरंत कस्बे के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे की खबर मिलते ही फतेहाबाद के विधायक छोटेलाल वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बताया गया है कि दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ देर तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारू कराया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
अंकित गुप्ता बने भाजपा के नगर अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर
फतेहाबाद : भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूती देने के उद्देश्य से अंकित गुप्ता को नगर अध्यक्ष मनोनीत किया है। उनके मनोनयन की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।
नगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने नए नगर अध्यक्ष का फूलमालाओं से स्वागत किया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बबीता रविप्रकाश शल्या सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने अंकित गुप्ता को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए संगठन को और सशक्त बनाने की उम्मीद जताई।
कार्यक्रम में बबीता चौहान,राजेश कुशवाहा, आनंद गुप्ता, सुभाष वर्मा, चंद्रभान सिंह, विनोद कुमार गुप्ता, करतार सिंह, छुटैल बघेल, मोहन सिंह, दीपक पोद्दार और तुलसी निहारिया आदि ने हर्ष व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अंकित गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी नगर क्षेत्र में और अधिक सक्रियता के साथ कार्य करेगी।
अंत में सभी ने संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। #🆕 ताजा अपडेट
#🆕 ताजा अपडेट 32 जोड़ों ने लिए सात फेरे, दो जोड़ों ने कबूल की शादी
फतेहाबाद : बुधवार को कस्बा फतेहाबाद स्थित मीरा गार्डन में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 32 हिंदू जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लेकर एक-दूजे का साथ निभाने की शपथ ली, वहीं दो मुस्लिम जोड़ों ने निकाह की रस्म अदा कर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की।
समारोह में नवविवाहित जोड़ों को शासन की ओर से निर्धारित उपहार सामग्री एवं आर्थिक सहायता प्रदान की गई। कार्यक्रम स्थल पर वर-वधू पक्ष के परिजनों और स्थानीय नागरिकों की खासी भीड़ रही। पूरे आयोजन में उत्साह और हर्ष का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व मंत्री रामसकल गुर्जर ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समाज के जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। इससे बेटियों के विवाह में आर्थिक बोझ कम होता है और सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।
भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष राजेश कुशवाहा ने कहा कि सरकार की यह पहल गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बड़ी राहत है। सामूहिक विवाह से फिजूलखर्ची पर रोक लगती है और सामाजिक एकता मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि समाज को ऐसी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने में सहयोग करना चाहिए।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी रजत कुशवाहा, एडीओ पंचायत नरेंद्र पाल सिंह, एडीओ आरडी एमपी सिंह, एडीओ समाज कल्याण विभाग आशीष धाकरे, बंटी कुशवाहा, त्रिलोकी नाथ, बारे लाल, कप्तान और लल्लू राम सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में नवविवाहित जोड़ों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और सभी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
#🆕 ताजा अपडेट संविदा कर्मचारियों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, समस्याओं के समाधान का मिला आश्वासन
फतेहाबाद। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संविदा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में गुरुवार को कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कर्मचारियों ने संविदा से जुड़ी समस्याओं और लंबित मांगों को विस्तार से रखा।
जिलाधिकारी ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने मौके पर ही कुछ समस्याओं का तत्काल प्रभाव से निस्तारण कराया, जिससे कर्मचारियों में संतोष देखा गया। जिलाधिकारी ने कहा कि संविदा कर्मचारियों की हर जायज समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। साथ ही भविष्य में किसी भी समस्या की जानकारी सीधे उन्हें देने के लिए भी कर्मचारियों को आश्वस्त किया।
इस अवसर पर रेनू तोमर, रूबी बघेल, विवेक त्रिपाठी, पिंकी बघेल, दामोदर, दीपक, रामवीर, अमित, गजेंद्र, विशाल, योगेंद्र, उमेश, पंकज और पवन सहित अन्य संविदा कर्मचारी उपस्थित रहे। संघ पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के सकारात्मक सहयोग और संवेदनशील रवैये के लिए आभार व्यक्त किया।
#🆕 ताजा अपडेट अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का चौथे दिन भी धरना जारी
फतेहाबाद : रेलवे लाइन पर अंडरपास बनाए जाने की मांग को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों का धरना चौथे दिन भी जारी रहा। बाह रोड से सनराइज हॉस्पिटल होते हुए कोरियनपुरा, भीकनपुर , बाचापुरा और गुर्जा गांवों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग रेलवे लाइन निकलने के बाद बंद हो गया है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क कोरियनपुरा सहित आसपास के कई गांवों के लोगों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है। रास्ता बंद होने से सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है। बच्चों को विद्यालय आने-जाने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
धरने पर बैठे ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन और स्थानीय प्रशासन से रेलवे लाइन पर अंडरपास निर्माण कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों और स्कूली बच्चों का आवागमन सुगम हो सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग करते हुए कहा कि अंडरपास निर्माण से हजारों ग्रामीणों को राहत मिलेगी और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होगी।
नाबालिग किशोरी के अपहरण का आरोपी गिरफ्तार
फतेहाबाद : डौकी थाना क्षेत्र से नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में डौकी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी डौकी सुनीत शर्मा ने बताया कि थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने 3 फरवरी को लिखित तहरीर दी थी। पीड़ित पिता के अनुसार, 2 फरवरी को अनिल पुत्र भगवान सिंह निवासी धिमश्री थाना शमशाबाद उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 फरवरी को ही नाबालिग किशोरी को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया था। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी थे।
शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बाजिदपुर चौराहे के पास घेराबंदी कर आरोपी अनिल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि नाबालिग से जुड़े मामलों में पुलिस पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। #🆕 ताजा अपडेट
#🆕 ताजा अपडेट राष्ट्रीय गणित दिवस पर वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम, बाल गणितज्ञों ने दिखाई प्रतिभा
फतेहाबाद : विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में जिला विज्ञान क्लब, आगरा द्वारा वीरांगना अवंतीबाई राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कलाल खेरिया में राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर जनपद स्तरीय वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रधानाचार्या डॉ. कमल अरोड़ा एवं जिला समन्वयक डॉ. निखिल जैन के संयोजन तथा जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा ब्रज क्षेत्र महामंत्री बबलू लोधी द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। विद्यालय की गणित शिक्षिका डॉ. प्रिया मिश्रा ने महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के जीवन एवं योगदान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को गणित के प्रति प्रेरित किया। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित गणित विशेषज्ञ मतीन अंसारी ने गणितीय प्रमेयों को सरल तरीके से समझाकर विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाई।
कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 255 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रदर्शनी में एलसीएम, त्रिकोणमिति, संख्या पद्धति, प्रायिकता, चतुर्भुज, लाइंस एंड एंगल्स और डिवीजन मशीन जैसे मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे। स्लोगन प्रतियोगिता में कंचन प्रथम, छवि द्वितीय और अंजलि तृतीय रहीं। पोस्टर प्रतियोगिता में दीपिका व गुंजन प्रथम, सोनू व राशि द्वितीय तथा तान्या व हृदेश तृतीय रहे। मॉडल प्रदर्शनी में मोहिनी प्रथम, चिराग द्वितीय तथा सोनू व प्रिंस ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि बबलू लोधी ने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और ऐसे कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन पर जोर दिया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान हरि मोहन, पूर्व प्रधान प्रकाश बाबू, संजय सिंह, विजय सिंह सहित ग्रामीण एवं विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। अंत में प्रभारी प्रधानाचार्या डॉ. सुनीता चोपड़ा ने सभी का आभार व्यक्त किया गया।
बार एसोसिएशन फतेहाबाद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ
फतेहाबाद : गुरुवार को बार एसोसिएशन फतेहाबाद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में एल्डर कमेटी के सदस्य चोबसिंह एडवोकेट ने अध्यक्ष पद पर निर्वाचित पंकज कुमार गुप्ता, महासचिव पद पर निर्वाचित विष्णु गुर्जर तथा कोषाध्यक्ष पद पर निर्वाचित इंद्रजीत शर्मा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
बताया गया कि तीनों पदाधिकारी सर्वसम्मति से निर्वाचित हुए हैं। शपथ ग्रहण के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट कृष्ण मोहन पांडेय, सब रजिस्ट्रार आशीष कुमार सक्सेना तथा निवर्तमान अध्यक्ष देवेंद्र गुर्जर ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
इस अवसर पर अधिवक्ता जयपाल सिंह यादव, त्रिलोकी नाथ, लक्ष्मी नारायण धाकरे, दिनेश पाठक, दिनेश शर्मा, अमरदीप कंसाना, अनिल कुमार गुप्ता, अवनीश कुमार, सुभाष चंद्र शर्मा, वीरेंद्र सिंह तोमर, ज्ञान देव धाकरे, सोनू गुप्ता, शैलेंद्र सिंह, नागेंद्र तोमर, अवधेश वर्मा, रवि शेखर सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए बार एसोसिएशन की मजबूती और अधिवक्ताओं के हित में कार्य करने की उम्मीद जताई। #🆕 ताजा अपडेट
#🆕 ताजा अपडेट फतेहाबाद रोड की बदहाली पर किसानों का आक्रोश, शाम तक मरम्मत का आश्वासन
फतेहाबाद : थाना बमरौली कटारा क्षेत्र के अंतर्गत नवामील चौराहे से बिझामई की ओर जाने वाला लोक निर्माण विभाग का मार्ग लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से आमजन का आवागमन जोखिमपूर्ण बना हुआ है। दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बार-बार शिकायतों के बावजूद विभागीय स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई न होने से क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त था।
रविवार को भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया, जिला उपाध्यक्ष श्यामवीर सिंह चाहर एवं तहसील अध्यक्ष सदर आगरा रणजीत सिंह यादव द्वारा सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान धरना-प्रदर्शन की स्थिति बनते ही बड़ी संख्या में किसान मौके पर एकत्र हो गए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना बमरौली कटारा के थानाध्यक्ष हरीश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं किसानों के आंदोलन की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों में खलबली मच गई। दबाव के चलते विभागीय अधिकारियों ने रविवार शाम तक गड्ढों में गिट्टी व मोरम डालकर सड़क दुरुस्त करने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया ने चेतावनी दी कि यदि तय समय तक सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो सोमवार को पुनः धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी आगरा प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की होगी।
मौके पर जिला उपाध्यक्ष श्यामवीर सिंह चाहर, तहसील अध्यक्ष रणजीत सिंह यादव, ब्लॉक अध्यक्ष ठाकुर हरेंद्र सिंह जसावत, राम अवतार सिंह, अंशुल सिंह, ग्राम अध्यक्ष नरेश जसावत सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
शब्बेरात व महाशिवरात्रि को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित
फतेहाबाद : आगामी शब्बेरात और महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना फतेहाबाद परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता इंस्पेक्टर तरुण धीमान ने की।
बैठक में इंस्पेक्टर तरुण धीमान ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों से आपसी भाईचारे और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्वों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और कोई समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
इस अवसर पर चैयरमैन प्रतिनिधि रविप्रकाश शल्या ने कहा कि फतेहाबाद क्षेत्र हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल रहा है और सभी पर्व मिल-जुलकर शांतिपूर्वक मनाए जाते रहे हैं। अन्य वक्ताओं ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में शैलेश यादव,रामसेवक,असलम खान,आनंद गुप्ता, सुखराम, सचिन कर्दम, बिजेंद्र सिंह, अरविंद शर्मा, छुटेल बघेल, राजकुमार शर्मा एवं लल्लू राम गुर्जर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक के अंत में शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। #🆕 ताजा अपडेट













