ShareChat
click to see wallet page

सीतामढ़ी में अवैध क्लीनिकों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, सदर अस्पताल गेट के पास निजी क्लीनिक और सोनबरसा अल्ट्रासाउंड सील #सीतामढ़ी। जिले में अवैध रूप से संचालित निजी क्लीनिकों और जांच केंद्रों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी रिची पाण्डेय के निर्देश पर सदर अस्पताल के मुख्य गेट के समीप संचालित एक निजी क्लीनिक तथा सोनबरसा अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया गया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास संचालित कई अन्य निजी क्लीनिकों ने आनन-फानन में अपने शटर गिरा दिए। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अवैध रूप से चल रहे क्लीनिकों और जांच केंद्रों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया था। इसी क्रम में डुमरा पीएचसी प्रभारी डॉ. अक्षय कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सदर अस्पताल परिसर के आसपास चल रहे क्लीनिकों की जांच शुरू की। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि सदर अस्पताल के मुख्य गेट के समीप संचालित एक निजी क्लीनिक तथा सोनबरसा अल्ट्रासाउंड सेंटर बिना वैध कागजात और आवश्यक मानकों के संचालित हो रहे थे। कई आवश्यक दस्तावेज, पंजीकरण प्रमाणपत्र और स्वास्थ्य विभाग की अनुमति भी उपलब्ध नहीं कराई जा सकी। इसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों संस्थानों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परिसर में लगे बोर्ड, उपकरणों और कागजात की भी जांच की। प्रशासन की इस सख्ती से आसपास के अन्य क्लीनिक संचालकों में भी अफरातफरी मच गई और कई संचालकों ने कार्रवाई के डर से अपने-अपने क्लीनिकों के शटर गिरा दिए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बिना पंजीकरण और मानक के संचालित क्लीनिक मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। ऐसे संस्थानों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जिले में संचालित सभी निजी क्लीनिक, नर्सिंग होम और जांच केंद्रों को नियमों के अनुरूप पंजीकरण और आवश्यक मानकों का पालन करना अनिवार्य है। डुमरा पीएचसी प्रभारी डॉ. अक्षय कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान जिन संस्थानों के पास वैध दस्तावेज नहीं पाए गए, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि मरीजों की सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इधर, प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद सदर अस्पताल के आसपास के इलाके में काफी देर तक हलचल का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से अस्पताल परिसर के आसपास कई क्लीनिक और जांच केंद्र बिना नियमों के संचालित हो रहे थे, जिससे मरीजों को भी आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। जिलाधिकारी के निर्देश पर शुरू हुई इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संकेत मिल गया है कि जिले में अवैध क्लीनिकों और फर्जी जांच केंद्रों के खिलाफ प्रशासन आगे भी लगातार सख्त कदम उठाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीम जल्द ही अन्य क्षेत्रों में भी जांच अभियान चलाकर ऐसे संस्थानों पर कार्रवाई की जाएगी। #sitamarhi

480 ने देखा
1 दिन पहले