कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मजदूरों से भरी एक प्राइवेट बस डंपर से टकराने के बाद बेकाबू होकर नहर में जा गिरी। मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर सवार सभी 20 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सभी मजदूरों को चोटें आई हैं, जिनका पास के CHC में इलाज किया गया।
पुलिस के मुताबिक, बस ड्राइवर मौके से भाग गया है। सभी मजदूर कुढ़नी से प्राइवेट बस में सवार होकर रानियां स्थित ट्राई डेंट कंपनी में मजदूरी करने जा रहे थे। तभी सुबह करीब 8 बजे बिधनू नहर के पास डंपर से टकराकर बस बेकाबू होकर नहर में गिर गई। नहर में करीब 10 फीट गहरा पानी था।
बस में सवार मजदूर खिड़की से निकलकर बस के ऊपर आ गए। स्थानीय लोग, पुलिस और फायर ब्रिगेड ने सीढ़ी लगाकर फंसे मजदूरों को बाहर निकाला। #कानपुर