ShareChat
click to see wallet page

पीलीभीत से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां आज मंगलवार सुबह एक महिला की करंट लगने से मौत हो गई। वह खेत गई थी। पूर्व प्रधान के खेत के चारों तरफ बंधे तार में दौड़ रहे करंट की चपेट में आ गई। परिजनों को पता चला तो महिला को जिंदा करने के लिए उसे बालू में गाड़ दिया। हाथ, तलवे और सिर को छोड़कर पूरे शरीर को बालू में दबा दिया। करीब एक घंटे तक उसके हाथ-पैर रगड़ते रहे। सिर पर बालू रगड़ते रहे। आसपास मौजूद लोग और पुलिस वाले उन्हें समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन उन्होंने एक न सुनी। बाद में जब महिला ने कोई हरकत नहीं की तब जाकर उन्होंने शव पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। घटना खजुरिया नवीराम गांव की है। दरअसल, नवीराम गांव में बेचेलाल (49), पत्नी अनीता देवी (45) और 3 बच्चों शिवम (9), भारत (8) और बेटी स्वानी (4) के साथ रहते हैं। मंगलवार सुबह 5.30 बजे अनीता पड़ोस की 2 महिलाओं के साथ शौच के लिए खेत गई थी। रास्ते में गांव के पूर्व प्रधान शिव प्रसाद का खेत था, उन्होंने मक्के के खेत के चारों ओर तार बांध रखे हैं। फसल को आवारा पशुओं से बचाने के लिए खेत की बाड़बंदी कर उसमें बिजली का करंट छोड़ रखा है। अनीता तार की चपेट में आ गई। मौके पर ही मौत हो गई। महिलाएं भागकर वापस आईं और बेचेलाल और पड़ोसियों को पूरी बात बताई। आनन-फानन में अनीता को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलसंडा ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही परिजनों ने हंगामा कर दिया। डॉक्टर्स ने पुलिस को खबर दी। पुलिस पहुंची तो परिजनों ने महिला को बालू में दबाकर ठीक करने की बात कही। पुलिसवालों ने अंधविश्वास की बात कही तो परिजन भड़क गए। अस्पताल परिसर में ही पुलिस और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया का हवाला दिया, लेकिन परिजनों ने नहीं सुनी। महिला के शव को अस्पताल परिसर में ही बालू में दबा दिया। करीब एक घंटे बाद भी महिला ने कोई हरकत नहीं की तो शव पुलिस के हवाले कर दिया। लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल के ईएमओ डॉक्टर सर्वेश सिंह ने बताया- ये सब मिथ हैं। अक्सर लोग करंट लगने पर पीड़ित को लकड़ी से मारना-पीटना शुरू कर देते हैं। कई मामलों में उन्हें मिट्टी में दबाकर रखते हैं। इससे अस्पताल ले जाने में और देरी हो जाती है। ऐसे में यदि जान बचने की उम्मीद हो तो भी देर हो जाती है। #उत्तर प्रदेश

546 ने देखा
6 घंटे पहले