फर्रुखाबाद में वर्षा ऋतु से पूर्व नालों की सफाई कार्य में तेजी, 102 में से 65 नालों की सफाई पूर्ण
मितेश कुमार सिन्हा प्रधान सम्पादक
फर्रुखाबाद, दिनांक : 10 जून, 2026वर्षा ऋतु से पूर्व नालों की सफाई कार्य में तेजी, 102 में से 65 नालों की सफाई पूर्णजलभराव की समस्या से निपटने हेतु सभी निकायों को निर्धारित समयावधि में शेष नालों की सफाई पूर्ण करने के निर्देशआगामी वर्षा ऋतु के दौरान नगरीय क्षेत्रों में जलभराव की समस्या को रोकने तथा वर्षा जल की सुचारु निकासी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद की समस्त नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों में नालों की व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में सभी अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने निकाय क्षेत्रों में स्थित प्रमुख एवं सहायक नालों की समयबद्ध सफाई सुनिश्चित कराने, नियमित निरीक्षण करने तथा सफाई कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर विकास विभाग द्वारा निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार जनपद के सभी नगरीय निकायों में स्थित नालों की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिशासी अधिकारियों से प्राप्त अद्यतन सूचना के अनुसार जनपद में कुल 102 नालों के सापेक्ष अब तक 65 नालों की सफाई का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जबकि शेष 37 नालों की सफाई का कार्य प्रगति पर है, जिसे निर्धारित समयसीमा के अंतर्गत 15 जून एवं 20 जून, 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
समीक्षा के दौरान यह जानकारी प्राप्त हुई कि नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद क्षेत्र में कुल 16 नालों के सापेक्ष 05 नालों की सफाई पूर्ण कर ली गई है तथा शेष 11 नालों की सफाई का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है, जिसे 20 जून, 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। नगर पालिका परिषद कायमगंज में कुल 15 नालों में से 05 नालों की सफाई पूर्ण हो चुकी है तथा शेष 10 नालों की सफाई 15 जून, 2026 तक पूरी कर ली जाएगी।
नगर पंचायत शमशाबाद में सभी 08 नालों की सफाई का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसी प्रकार नगर पंचायत नवाबगंज में कुल 16 नालों में से 12 नालों की सफाई पूर्ण हो चुकी है तथा शेष 04 नालों की सफाई 15 जून तक पूरी कर ली जाएगी। नगर पंचायत संकिसा-बसंतपुर में स्थित सभी 09 नालों की सफाई का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
नगर पंचायत मोहम्मदाबाद में भी सभी 08 नालों की सफाई का कार्य पूर्ण हो चुका है। नगर पंचायत कमालगंज में कुल 07 नालों में से 03 नालों की सफाई पूर्ण की जा चुकी है तथा शेष 04 नालों की सफाई 20 जून तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। नगर पंचायत खिमसेपुर में कुल 17 नालों में से 10 नालों की सफाई पूर्ण कर ली गई है तथा शेष 07 नालों की सफाई चरणबद्ध ढंग से 15 जून एवं 20 जून तक पूर्ण कर ली जाएगी। नगर पंचायत कम्पिल में स्थित सभी 06 नालों की सफाई का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
जिलाधिकारी द्वारा सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वर्षा ऋतु प्रारम्भ होने से पूर्व सभी नालों की सफाई शत-प्रतिशत पूर्ण कर ली जाए तथा निकाले गए सिल्ट, कूड़ा-कचरे एवं अवशेषों का तत्काल निस्तारण भी सुनिश्चित किया जाए, जिससे पुनः नालों में अवरोध उत्पन्न न हो। साथ ही संवेदनशील एवं जलभराव प्रभावित क्षेत्रों की विशेष निगरानी करते हुए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सफाई कर्मियों एवं संसाधनों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि नालों की नियमित सफाई से न केवल जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि मच्छरों के प्रजनन पर भी प्रभावी नियंत्रण होगा तथा संक्रामक एवं जलजनित रोगों की संभावना में कमी आएगी। वर्षा ऋतु के दौरान नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
सभी अधिशासी अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों के नालों का स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है तथा सफाई कार्य की दैनिक समीक्षा भी की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी अवशेष कार्य पूर्ण किए जा सकें।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नालों एवं नालियों में कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक अथवा अन्य अपशिष्ट पदार्थ न डालें तथा स्वच्छता बनाए रखने में स्थानीय निकायों का सहयोग करें। नागरिकों के सहयोग से ही जलभराव मुक्त एवं स्वच्छ नगरीय वातावरण का लक्ष्य सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सकता है।
#🌐 राष्ट्रीय अपडेट #🌐 अंतर्राष्ट्रीय अपडेट #🌞 Good Morning🌞 #💔 हार्ट ब्रेक स्टेटस #📰GK & करेंट अफेयर्स Students💡