धन-धन अमर शहीद बाबा दीप सिंहजी संधू के शहीदी दिवस पर बाबा जी को शत्-शत् नमन् !
पंजाब की धरती ने अनगिनत शूरवीरों को जन्म दिया है। आपको पंजाब के इतिहास में अनेकों ऐसे योद्धा मिल जाएंगे, जिनकी बहादुरी के किस्से दुनियाभर में प्रचलित हैं।
बाबा दीप सिंह जी के माता-पिता भाई भगतु और माता जिओनी जी अमृतसर के गांव पहुविंड में रहते थे। भाई भगतु खेतीबाड़ी का कार्य करते थे और भगवान की कृपा से घर में किसी चीज की कमी नहीं थी।
मगर उनकी कोई भी औलाद नहीं थी, जिसके चलते वह हमेशा भगवान से यही प्रार्थना करते थे कि उन्हें अपने जीवन में संतान सुख प्राप्त हो. एक दिन एक संत महात्मा से उनकी भेंट हुई, जिसने उन्हें बताया कि उनके यहां एक बेहद गुणवान बच्चा पैदा होगा और उसका नाम वह दीप रखें।
कुछ समय बाद 26 जनवरी 1682 को बाबा दीप सिंह जी का जन्म एक हिंदू संधू जाट परिवार में हुआ। एकलौता बेटा होने के चलते माता पिता ने दीप सिंह को बहुत लाड़ प्यार से पाला।
जब दीप सिंह जी 12 साल के हुए, तो उनके माता पिता उन्हें आनन्दपुर साहिब ले गए. जहां पहली बार उनकी भेंट सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी से हुई. जिसके बाद दीप सिंह अपने माता पिता के साथ कुछ दिन वहीं रहे और सेवा देने लगे।
कुछ दिनों बाद जब वह वापिस जाने लगे, तो गुरु गोबिंद सिंह जी ने दीप सिंह के माता पिता से उन्हें यहीं छोड़ जाने को कहा। इस बात को दीप सिंह व उनके माता पिता फौरन मान गए।
आनन्दपुर साहिब में दीप सिंह जी ने गुरु जी के सान्निध्य में सिख दर्शन और गुरु ग्रंथ साहिब का ज्ञान अर्जित किया।
उन्होंने गुरुमुखी के साथ-साथ कई अन्य भाषाएं सिखीं. यहां तक कि स्वयं गुरु गोबिंद सिंह जी ने उन्हें घुड़सवारी, शिकार और हथियारों की शिक्षा दी।
18 साल की उम्र में उन्होंने गुरु जी के हाथों से वैसाखी के पावन मौके पर अमृत छका और सिखी को सदैव सुरक्षित रखने की शपथ ली।
• गुरु ग्रंथ साहिब की बनाई प्रतिलिपियां
इसके बाद गुरु जी के आदेश से बाबा दीप सिंह जी वापस अपने गांव पहुविंड अपने माता पिता के पास आ गए।
एक दिन बाबा दीप सिंह जी के पास गुरु जी का एक सेवक आया, जिसने बताया कि राजपूत पहाड़ी के राजाओं के साथ युद्ध के लिए गुरु जी आनन्दपुर साहिब का किला छोड़ कूच कर गए हैं। इस युद्ध के चलते गुरु जी की मां माता गुजरी और उनके 4 पुत्र भी सब यहां वहां बिछड़ गए हैं।
इस बात का पता चलते ही बाबा दीप सिंह जी फौरन गुरु जी से मिलने के लिए निकल पड़े। कुछ समय की तालाश के पश्चात् आखिरकार बाबा दीप सिंह और गुरु जी की मुलाकात तलवंडी के दमदमा साहिब में हुई।
यहां पहुंचने पर बाबा दीप सिंह जी को पता चला कि गुरु जी के दो पुत्र अजीत सिंह और जुझार सिंह चमकौर के युद्ध में शहीद हो गए है और उनके दो छोटे पुत्र ज़ोरावर सिंह और फतेह सिंह को सरहिंद में वजीर खान ने बेदर्दी से कत्ल कर दिया।
अपने जाने से पूर्व गुरु गोबिंद सिंह जी ने गुरु ग्रंथ साहिब को पूरा कर बाबा दीप सिंह जी को सौंप दिया और उन्हें उसकी रखवाली की जिम्मेदारी दी। बाबा दीप सिंह जी ने गुरु ग्रंथ साहिब में लिखी सभी वानियों व शिक्षाओं को पुन: अपने हाथों से लिखा और गुरु ग्रंथ साहिब की 5 प्रतिलिपियां बनाईं।
इन प्रतिलिपियों में एक को श्री अकाल तख्त साहिब, एक श्री तख्त पटना साहिब, श्री तख्त हजूर साहिब और श्री तख्त आनन्दपुर साहिब भिजवा दिया। इसके अलावा बाबा दीप सिंह जी ने एक प्रतिलिपी अरबी भाषा में बनाई, जिसे उन्होंने मध्य पूर्व में भेजा।
•अब्दाली की गिरफ्त से लोगों को बचाया
1755 में जब भारत में मुगलों का आतंक बढ़ा, तो लाचार लोगों की चीख पुकार बाबा दीप सिंह जी के कानों तक पहुंची।
दरअसल, इस समय अहमद शाह अब्दाली नाम के एक अफगानी शासक ने भारत में बड़ी तबाही मचाई हुई थी। वह 15 बार भारत आकर उसे लूट चुका था। उसने दिल्ली समेत आसपास के कई शहरों से न सिर्फ सोना, हीरे व अन्य चीजें लूटीं, बल्कि हजारों लोगों को भी बंदी बना कर अपने साथ ले गया।
इस बात का पता चलते ही बाबा दीप सिंह जी अपनी एक सैनिक टुकड़ी लेकर अब्दाली के छिपे ठिकाने पर पहुंचे। इन्होंने यहां मौजूद लोगों को और लूटे गए सामान को जब्द कर लिया और उसे वापस ले आए।
इस बात से गुस्साए अब्दाली ने फैसला कर लिया कि वह बाबा की मृत्यृ करके ही मानेंगे पर ऐसा संभव नहीं हुआ !
•पंथ को बचाने युद्ध में उतरे
इसके चलते 1757 में अब्दाली का सेनापति जहान खान फौज के साथ हरिमंदिर साहिब को तबाह करने के लिए अमृतसर पहुंच गया।
कई बाबा जी के सैनिक हरिमंदिर साहिब को बचाते हुए मारे गए। वहीं, इस समय बाबा दीप सिंह दमदमा साहिब में थे। जब उन्हें इस हमले के बारे में जानकारी मिली, तो उन्होंने फौरन सेना के साथ अमृतसर की ओर कूच किया।
इस युद्ध के समय उनकी उम्र 75 साल थी। अमृतसर सीमा पर पहुंचने पर बाब दीप सिंह जी ने सभी सिखों से कहा कि इस सीमा को केवल वही सिख पार करें, जो पंथ की राह में शीश कुर्बान करने के लिए तैयार हैं। पंथ के लिए आह्वान सुनते ही सभी पूरे जोश के साथ आगे बढ़े।
आखिरकार गांव गोहरवाल में दोनों सेनाएं एक दूसरे के आमने सामने हुईं. युद्ध का बिगुल बजते ही फौजे युद्ध के मैदान में उतर आईं।
युद्ध में बाबा दीप सिंह अपनी 15 किलो वजनी तलवार के साथ दुश्मन पर टूट पड़े. अचानक मुगल कमांडर जमाल खान बाबा जी के सामने उतरा. दोनों के बीच काफी समय तक युद्ध हुआ।
•जब शीश तली पर लेकर लड़े
आखिर में दोनों ने पूरी ताकत से अपनी-अपनी तलवार घुमाई, जिससे दोनों के सिर धड़ से अलग हो गए।
बाबा जी का शीश अलग होता देख एक नौजवान सिख सैनिक ने चिल्ला कर बाबा जी को आवाज दी और उन्हें उनकी शपथ के बारे में याद दिलाया।
इसके बाद बाबा दीप सिंह जी का धड़ एक दम से खड़ा हो गया। उन्होंने अपना सिर उठाकर अपनी हथेली पर रखा और अपनी तलवार से दुश्मनों को मारते हुए श्री हरिमंदिर साहिब की ओर चलने लगे।
बाबा जी को देख जहां सिखों में जोश भर गया, वहीं, दुश्मन डर के मारे भागने लगे।
अंतत: बाबा दीप सिंह जी श्री हरिमंदिर साहिब पहुंच गए और #गुरुद्वारा अपना सिर परिक्रमा में चढ़ा कर प्राण त्याग दिए।


