ShareChat
click to see wallet page
search
नेपाल में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी अंतर के चलते सीमावर्ती भारतीय इलाकों के पेट्रोल पंपों पर भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। खासकर डीजल के दाम में हाल ही में लगभग 33 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत 148.125 रुपये (भारतीय मुद्रा में) पहुंच गई है, जिससे नेपाली वाहन चालक बड़ी संख्या में भारत आकर ईंधन भरवा रहे हैं। वहीं भारत में पेट्रोल 95.13 रुपये और डीजल 88.88 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। दोनों देशों के दामों में बड़े अंतर के कारण नेपाली वाहन चालक सीमावर्ती क्षेत्र सोनौली समेत आसपास के पेट्रोल पंपों पर टैंक फुल करा रहे हैं। कई पेट्रोल पंपों पर नया नियम लागू स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अब कई पेट्रोल पंपों पर नया नियम लागू किया गया है, जिसके तहत सभी वाहनों को अधिकतम 200 रुपये का ही पेट्रोल दिया जा रहा है। इसके बावजूद पंपों पर भीड़ कम नहीं हो रही है और लंबी कतारें लग रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां नेपाली वाहन चालक टैंक फुल कराने के उद्देश्य से आते हैं, वहीं उन्हें सीमित मात्रा में ईंधन मिलने के कारण बार-बार लाइन में लगना पड़ता है, जिससे अव्यवस्था और बढ़ रही है। दूसरी ओर भारतीय उपभोक्ताओं को भी समय पर ईंधन नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनकी परेशानी बढ़ गई है। इसी अव्यवस्था के चलते आए दिन नोकझोंक और विवाद की घटनाएं सामने आ रही हैं। हाल ही में एक पेट्रोल पंप पर स्थानीय निवासी और नेपाली वाहन चालक के बीच कहासुनी हो गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। अलग-अलग लाइन बनाने की मांग स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि भारतीय और नेपाली वाहनों के लिए अलग-अलग लाइन या व्यवस्था बनाई जाए, ताकि विवाद की स्थिति न उत्पन्न हो। तहसीलदार कर्ण सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, नेपाली वाहनों की भीड़ सीमावर्ती पेट्रोल पंपों पर बढ़ी है। जल्द ही पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक कर व्यवस्था को सुचारु बनाया जाएगा। जिससे आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना न पड़ें। #नेपाल
नेपाल - ShareChat