Rajeev Tomar
मुजफ्फरनगर में किसानों और अफसरों के बीच ठनी: रोडवेज और एआरटीओ दफ्तर पर लगे गंभीर आरोप, भाकियू तोमर ने दी आंदोलन की चेतावनी
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन तोमर द्वारा किसानों और आम जनता की समस्याओं को लेकर एआरटीओ कार्यालय पर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन से पहले प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई। एआरटीओ अजय मिश्रा के आश्वासन पर यूनियन पदाधिकारी वार्ता के लिए तैयार हुए, जिसके बाद रोडवेज एआरएम कार्यालय में एआरटीओ, एआरएम और सीओ सिटी की मौजूदगी में करीब डेढ़ घंटे तक बैठक चली। हालांकि लंबी चर्चा के बावजूद किसी भी मुद्दे पर सहमति नहीं बन सकी और वार्ता बेनतीजा समाप्त हो गई।
बैठक में भाकियू तोमर के युवा जिलाध्यक्ष सोनू चौधरी और कार्यकारी प्रदेश प्रभारी ने परिवहन विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि एआरटीओ कार्यालय में किसानों और आम लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है तथा बिना कथित "सुविधा शुल्क" के कोई कार्य नहीं किया जाता। उन्होंने आरोप लगाया कि ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन फिटनेस और रजिस्ट्रेशन जैसे कार्यों में निर्धारित शुल्क से कई गुना अधिक रकम वसूली जा रही है।
किसान नेता अजय त्यागी ने मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा के संचालन पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को शहर से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू की गई योजना का लाभ ग्रामीणों तक नहीं पहुंच रहा है। आरोप लगाया कि पुरकाजी ब्लॉक के गांवों के लिए आवंटित बसें निर्धारित ग्रामीण मार्गों पर चलने के बजाय केवल मुजफ्फरनगर-पुरकाजी हाईवे पर संचालित की जा रही हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोग सुविधा से वंचित हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इन बसों में रोडवेज द्वारा निर्धारित किराए से 10 रुपये अधिक वसूले जा रहे हैं। किसानों का कहना है कि ग्रामीण बसों के संचालक जिला अस्पताल के इमरजेंसी गेट के सामने वाहन खड़े कर सवारियां भरते हैं, जिससे आपातकालीन सेवाएं प्रभावित होती हैं। इसके बावजूद रोडवेज प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही।
वार्ता के दौरान अधिकारियों ने किसानों के आक्रोश को देखते हुए सभी शिकायतों की जांच कर शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया। हालांकि भाकियू (तोमर) ने स्पष्ट किया कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन की अगली रणनीति घोषित करेगा।
बैठक में मंडल उपाध्यक्ष साजिद अल्वी, साजिद चौधरी, नौशाद, अरुण कश्यप, ईशराईल त्यागी, राजन चौधरी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं यूनियन कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#भारतीय किसान यूनियन तोमर #ताजा खबरें #ताजा खबरें #ताजा खबरें #ताजा खबरें