JGE News
554 views • 10 hours ago
प्रयागराज: मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने की मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक, उद्यमियों की समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
प्रयागराज, 30 जुलाई 2026। मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को गांधी सभागार में मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में निवेश मित्र पोर्टल, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान तथा औद्योगिक क्षेत्र नैनी में विद्युत पोल शिफ्टिंग सहित विभिन्न प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं का शीर्ष प्राथमिकता पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्योग-धंधों को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।
औद्योगिक क्षेत्र नैनी में विद्युत पोल शिफ्टिंग की समीक्षा के दौरान विद्युत विभाग के किसी अधिकारी के उपस्थित नहीं रहने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई और मुख्य अभियंता विद्युत से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि नैनी औद्योगिक क्षेत्र के अंदर पोल शिफ्टिंग का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि उद्यमियों ने मिर्जापुर रोड पर कार्य अभी अधूरा होने की बात कही। इस पर मंडलायुक्त ने विद्युत विभाग को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और ODOP मार्जिन मनी योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने बैंकों में लंबित आवेदनों को निर्धारित समयसीमा में निस्तारित करने तथा स्वीकृत आवेदनों में ऋण वितरण की प्रक्रिया शत-प्रतिशत पूर्ण करने को कहा।
निवेश मित्र पोर्टल पर समयसीमा के बाद कोई आवेदन लंबित मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं और बाउंड्रीवाल निर्माण सहित अन्य मामलों में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग अजय कुमार चौरसिया, मंडल के जनपदों के उपायुक्त उद्योग, उद्योग समिति के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी और उद्यमी उपस्थित रहे।
#Prayagraj #Industry #BusinessNews #UttarPradesh #Entrepreneurs #news #prayagraj
9 shares