Naulesh kumar
504 views
एसडीओ ने किया अनुमंडल अस्पताल का औचक निरीक्षण गया जिले के टिकारी अनुमंडल अस्पताल में प्रशासनिक लापरवाही और डॉक्टरों की मनमानी का एक बड़ा मामला सामने आया है। अनुमंडल पदाधिकारी प्रवीण कुंदन द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में अस्पताल की व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी पाई गई। निरीक्षण के दौरान कुल 15 चिकित्सा पदाधिकारी अपनी ड्यूटी से गायब पाए गए। इनमें डॉ. प्रीति, डॉ. सोनिया सनी, डॉ. अनिता कुमारी, डॉ. कुसुम कुमारी, डॉ. अनुभव कुमारी, डॉ. सुशील कुमार गुप्ता, डॉ. शंभू कुमार चौधरी, डॉ. संजीव कुमार, डॉ. नवदीप कुमार, डॉ. पीयूष वर्मा, डॉ. शशी कुमार, डॉ. सत्यम कुमार, डॉ. सोनम केडिया, डॉ. सानिया कुमारी और डॉ. संजीदा अनवर अनुपस्थित मिले। स्थानीय लोगों और जांच में यह गंभीर बात सामने आई कि कई डॉक्टर सप्ताह में केवल एक दिन आते हैं और अस्पताल कर्मियों के साथ साठगांठ कर पूरे सप्ताह की हाजिरी बना लेते हैं। अस्पताल के कंप्यूटर ऑपरेटर द्वारा अवैध रूप से अनुपस्थित डॉक्टरों की बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करने की बात भी प्रकाश में आई है, जो प्रशासन की आंखों में धूल झोंकने जैसा है।31 जनवरी 2026 को निवर्तमान उपाधीक्षक डॉ. विश्वमूर्ति मिश्रा के सेवानिवृत्त होने के बाद डॉ. संजीदा अनवर को प्रभार सौंपा गया था, लेकिन उन्होंने अब तक कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। इस प्रशासनिक शून्यता के कारण अस्पताल में अराजकता का माहौल है।अस्पताल में डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण दूर-दराज से आए गरीब और लाचार मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकारी सुविधा होने के बावजूद मरीजों को निजी क्लीनिकों में जाना पड़ रहा है, जिससे उन पर आर्थिक और मानसिक बोझ बढ़ रहा है। एसडीओ प्रवीण कुंदन ने इस पूरी अव्यवस्था पर सख्त नाराजगी जाहिर की है और दोषी चिकित्सकों एवं कर्मियों पर कार्रवाई के संकेत दिए हैं। #गया की खबरें