अवैध टैक्सी स्टैंड से जाम की समस्या विकराल, राहगीर परेशान
सादुल्लानगर/बलरामपुर। कस्बे के प्रमुख चौराहों पर अवैध टैक्सी स्टैंड बन जाने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। मुबारक मोड़, गुमा तिराहा, शिवशंकर मंदिर तिराहा, हनुमानगढ़ी तिराहा और थाना गेट के पास टैक्सी चालकों द्वारा सड़क पर ही वाहन खड़े कर सवारियां बैठाई जा रही हैं, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है।
मुबारक मोड़ पर डग्गामार बसों की मनमानी सबसे अधिक देखने को मिल रही है। मनकापुर-गौरा चौकी रोड पर सवारियां भरने के दौरान लंबा जाम लग जाता है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार सवारी को लेकर चालकों के बीच विवाद और झड़प की स्थिति भी बन जाती है।
वहीं, शिवशंकर मंदिर तिराहा स्थित रामपुर अरना रोड पर भी डग्गामार टैक्सी चालकों का कब्जा बना हुआ है। सड़क पर ही वाहन खड़े कर सवारियां बैठाने से आवागमन बाधित हो जाता है और जाम की गंभीर समस्या खड़ी हो जाती है।
शादी-विवाह का सीजन चल रहा है, ऐसे में यह समस्या और भी विकराल हो गई है। टैक्सी चालक सड़क पर ही वाहन खड़े कर सवारियां भरते रहते हैं, जिससे जाम लंबे समय तक लगा रहता है और आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अवैध टैक्सी स्टैंड पर सख्त कार्रवाई कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग की है, ताकि आमजन को जाम और अव्यवस्था से राहत मिल सके।
#📰 उत्तर प्रदेश अपडेट #📰मंडल अपडेट📢 #🆕 ताजा अपडेट #📢 ताजा खबर 📰 #बलरामपुर न्यूज़