Jan-Kranti hindi news bulletin
544 views • 1 days ago •
KSR कॉलेज बचाने की मांग पर NSUI का शिक्षा बचाओ सत्याग्रह पांचवें दिन भी जारी, RYA ने दिया समर्थन
जनक्रांति कार्यालय से अनीश कुमार सिंह
कोचिंग एक्ट लागू करने समेत छात्र-युवाओं की मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी; RYA ने प्रशासन से आंदोलनकारियों से तत्काल वार्ता और वैकल्पिक मार्ग पर पहल की मांग की
समस्तीपुर,बिहार(जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 24 अगस्त 2026)। पूर्णिया एक्सप्रेसवे की प्रस्तावित योजना से सरायरंजन स्थित KSR कॉलेज को बचाने, बिहार में प्रभावी कोचिंग एक्ट लागू करने समेत छात्र-युवाओं की विभिन्न मांगों को लेकर समस्तीपुर सरकारी बस स्टैंड में जिलाधिकारी के समक्ष NSUI का ‘शिक्षा बचाओ सत्याग्रह एवं अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल’ सोमवार को पांचवें दिन भी जारी रहा।
भूख हड़ताल के पांचवें दिन इंकलाबी नौजवान सभा (RYA) के जिला सचिव रौशन कुमार के नेतृत्व में RYA के नेता मो. दुलारे, कुन्दन यादव, राजीव कुमार, नेहाल अहमद एवं रंजीत कुमार शाह अनशन स्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से मुलाकात कर आंदोलन को समर्थन दिया।
इस अवसर पर रौशन कुमार ने कहा कि विकास के नाम पर किसी शिक्षण संस्थान और छात्र-युवाओं के भविष्य की बलि नहीं दी जा सकती। KSR कॉलेज को प्रस्तावित एक्सप्रेसवे से बचाने के लिए सरकार और जिला प्रशासन को वैकल्पिक मार्ग समेत सभी संभावनाओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। प्रशासनिक स्तर पर पहल होने से इस समस्या का सम्मानजनक समाधान निकाला जा सकता है।
उन्होंने कहा कि बिहार में तेजी से बढ़ रहे कोचिंग संस्थानों में छात्रों के आर्थिक शोषण पर रोक लगाने तथा फीस, सुविधाओं, सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कोचिंग एक्ट लागू करना जरूरी है। छात्र-युवाओं से जुड़े इन सवालों की सरकार अनदेखी नहीं कर सकती।
रौशन कुमार ने कहा कि शिक्षा बचाओ सत्याग्रह केवल KSR कॉलेज को बचाने का सवाल नहीं, बल्कि जिले की शिक्षा व्यवस्था और छात्र-युवाओं के भविष्य की रक्षा का सवाल है। सरकार को हठधर्मिता छोड़कर आंदोलनकारियों से तत्काल वार्ता करनी चाहिए और उनकी जायज मांगों पर ठोस निर्णय लेना चाहिए।
उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि भूख हड़ताल पर बैठे आंदोलनकारियों से अविलंब वार्ता की जाए तथा KSR कॉलेज को प्रस्तावित एक्सप्रेसवे से बचाने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर वैकल्पिक मार्ग पर तत्काल पहल की जाए।
RYA ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते सकारात्मक पहल नहीं की तो संगठन आंदोलन को व्यापक समर्थन देते हुए आगे के संघर्ष को और तेज करेगा।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित। #🆕 ताजा अपडेट #📢 ताज़ा खबर 🗞️ ##Samastipur news #samastipur
9 shares