Jan-Kranti hindi news bulletin
1K views • 1 days ago •
ईओ से सकारात्मक वार्ता के बाद भाकपा माले ने स्थगित किया नगर परिषद घेराव
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
आवास योजना, सड़क-नाला, स्ट्रीट लाइट, सफाईकर्मियों समेत 9 सूत्री मांगों पर कार्रवाई का मिला लिखित आश्वासन : सुरेंद्र प्रसाद सिंह
ताजपुर/समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 8 अगस्त 2026)। भाकपा माले द्वारा 10 अगस्त को प्रस्तावित नगर परिषद ताजपुर कार्यालय घेराव, धरना एवं प्रदर्शन कार्यक्रम को कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) राकेश कुमार रंजन के साथ हुई सकारात्मक वार्ता और लिखित आश्वासन के बाद स्थगित कर दिया गया है। इसकी जानकारी भाकपा माले के ताजपुर प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने दी।
बताया गया कि आवास योजना में अनियमितता एवं भ्रष्टाचार, सड़क एवं नाला निर्माण, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सफाईकर्मियों की समस्याओं सहित विभिन्न जनमुद्दों को लेकर 11 जुलाई को नगर परिषद कार्यालय पर प्रदर्शन कर 9 सूत्री मांगपत्र सौंपा गया था। इसके बाद नगर परिषद प्रशासन की ओर से कई मांगों पर की गई कार्रवाई एवं प्रगति से संबंधित रिपोर्ट प्रतिनिधिमंडल को उपलब्ध कराई गई।
प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार नगर परिषद क्षेत्र के 27 वार्डों में आवास योजना के लाभुकों का स्थल निरीक्षण कर विभागीय दिशा-निर्देश के अनुरूप सूची तैयार की गई है। स्वीकृत लाभुकों को योजना का लाभ देने की प्रक्रिया जारी है। वहीं सड़क एवं नाला निर्माण में अनियमितता की शिकायतों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। जर्जर सड़कों एवं नालों के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू किए जाने की जानकारी दी गई।
स्ट्रीट लाइट को लेकर नगर परिषद क्षेत्र में अधिष्ठापन के लिए प्राक्कलन तैयार कर तकनीकी स्वीकृति के लिए भेजे जाने की बात कही गई। सफाईकर्मियों को विभागीय निर्देश के अनुरूप वेतन भुगतान एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। इसके अलावा रहिमाबाद से एनएच तक सड़क निर्माण के प्रस्ताव को आगामी बोर्ड बैठक में रखने तथा निधि उपलब्ध होने पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही गई।
सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि नगर परिषद प्रशासन द्वारा विभिन्न मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए लिखित आश्वासन दिया गया है। इसके मद्देनजर 10 अगस्त को प्रस्तावित घेराव एवं धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित किया गया है। उन्होंने कहा कि भाकपा माले जनसमस्याओं को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी और प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासनों के क्रियान्वयन पर नजर रखेगी। निर्धारित समय सीमा में मांगों का समाधान नहीं होने पर पुनः आंदोलन शुरू किया जाएगा।
उन्होंने नगर परिषद प्रशासन से सभी लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान करने तथा गरीबों, मजदूरों एवं आम नागरिकों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने की मांग की।
ईओ राकेश कुमार रंजन के बुलावे पर भाकपा माले के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में प्रखंड कमिटी सदस्य ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, मो. एजाज, प्रभात रंजन गुप्ता सहित प्रतिनिधिमंडल ने कार्यपालक पदाधिकारी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न मांगों पर बिंदुवार वार्ता की। वार्ता सकारात्मक रहने और मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद 10 अगस्त को प्रस्तावित नगर परिषद कार्यालय घेराव आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित। #🆕 ताजा अपडेट #🌐 राष्ट्रीय अपडेट #📢 ताज़ा खबर 🗞️ ##Samastipur news
11 likes
24 shares