Newsgenix
626 views • 8 hours ago
#🌐 अंतर्राष्ट्रीय अपडेट #🌐 राष्ट्रीय अपडेट #🆕 ताजा अपडेट #📢 ताज़ा खबर 🗞️ भारत-नेपाल सीमा पर आवागमन को लेकर नियमों में लाई गई सख्ती का सीधा असर अब नेपाल के आम जनजीवन और बाजारों पर दिखने लगा है। सीमा पर लंबी जांच प्रक्रिया, कागजी औपचारिकताएं और उस पर लगने वाले अतिरिक्त टैक्स के कारण भारत से नेपाल होने वाली रोजमर्रा की वस्तुओं की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है।
इसका परिणाम यह हुआ है कि सीमावर्ती नेपाली बाजारों में महंगाई चरम पर पहुंच गई है और ग्राहकों की आवाजाही में भारी गिरावट दर्ज की गई है। गौरीफंटा समेत अन्य सीमा चौकियों के जरिये भारत से नेपाल को फल, सब्जियां, खाद्यान्न, ईंधन (पेट्रोल-डीजल, गैस सिलिंडर) और रेडीमेड वस्त्रों का निर्यात होता है।
कारोबारियों के मुताबिक, सीमा पर बढ़ी औपचारिकता के कारण वाहनों को पार करने में घंटों लग रहे हैं। परिवहन लागत और टैक्स का यह बोझ सीधे खुदरा कीमतों पर पड़ रहा है, जिससे आम उपभोक्ता पिस रहा है। हमारे गौरीफंटा के प्रतिनिधि के मुताबिक नेपाल के बाजारों में दाल, चीनी, सूखी मिर्च से लेकर रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।
सभी वस्तुओं की कीमतों में 50 से 80 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। कई चीजों के दाम तो दोगुने तक हो गए हैं, जिसका फायदा जमाखोर उठा रहे हैं। वहां 14.2 किलो का गैस सिलिंडर बाजार में ₹2160 (भारतीय मुद्रा में करीब ₹1350) तक बिक रहा है।
पेट्रोल ₹196 नेपाली रुपये और डीजल ₹194 नेपाली रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच चुका है। चीनी ₹125 नेपाली रुपये, चना दाल ₹160 नेपाली रुपये, मसूर दाल ₹160 नेपाली रुपये, उड़द दाल ₹225 नेपाली रुपये और अरहर दाल ₹250 नेपाली रुपये प्रति किलो तक बिक रही है। घोड़ाही (नेपाल) के किराना व्यापारी राम अचल गुप्त के अनुसार, पिछले कुछ हफ्तों में समग्र खाद्य सामग्री के दामों में 50 प्रतिशत तक की तेज वृद्धि दर्ज की गई है।
इसके अलावा, पहले गोंडा डिपो से नेपाल को ईंधन मिलता था, लेकिन अब आपूर्ति लखनऊ के अमौसी डिपो से होने के कारण ढुलाई दूरी और लागत दोनों बढ़ गई हैं। एक तरफ वैध आयात प्रक्रिया जटिल होने से आपूर्ति संकट गहराया है, वहीं भारतीय ग्राहकों के न आने से नेपाली दुकानदारों का व्यापार आधा रह गया है। जिन सीमावर्ती बाजारों में कभी भारतीय ग्राहकों की भारी भीड़ हुआ करती थी, वहां अब सन्नाटा पसरा है।
#Nepal n #Newsgenix
15 shares