Newsgenix
500 views • 4 hours ago
#🌐 अंतर्राष्ट्रीय अपडेट #🌐 राष्ट्रीय अपडेट #🆕 ताजा अपडेट #📢 ताज़ा खबर 🗞️ तुर्किए में नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा को लेकर एक बेहद गोपनीय अभियान चलाए जाने का दावा सामने आया है। वाशिंगटन पोस्ट ने सोमवार को अपनी रिपोर्ट में कहा कि ईरान से संभावित खतरे को देखते हुए अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने ट्रंप को अंकारा से एक गुप्त सैन्य उड़ान के जरिये ब्रिटेन पहुंचाया।
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप को कैमरों के सामने पुराने एयर फोर्स वन में सवार कराने के बाद चुपके से एक कैटरिंग ट्रक के जरिए दूसरे विमान तक ले जाया गया। बता दें कि कैटरिंग ट्रक का इस्तेमाल विमान में खानेपीने की चीजों और अन्य जरूरी सामग्री पहुंचाने के लिए किया जाता है।
उस समय व्हाइट हाउस ने बताया था कि ट्रंप तुर्किए से ब्रिटेन के लिए एयर फोर्स वन में रवाना हुए हैं। लेकिन द पोस्ट के मुताबिक, ट्रंप के विमान में सवार होने के कुछ ही देर बाद उन्हें कैटरिंग ट्रक के जरिये एयरपोर्ट के एक हिस्से से बाहर निकाला गया और अमेरिकी वायुसेना के सी-32ए विमान में बैठाया गया। न्यूयार्क टाइम्स भी इससे मिलती-जुलती रिपोर्ट पहले प्रकाशित कर चुका है।
ट्रंप नाटो सम्मेलन में शामिल होने के लिए कतर से मिले नए और अपग्रेड किए गए विमान से अंकारा पहुंचे थे। यह विमान उनकी पहली अंतरराष्ट्रीय यात्रा में इस्तेमाल हुआ था। हालांकि, तुर्किए से रवाना होते समय ट्रंप ने अचानक पुराने एयर फोर्स वन से ब्रिटेन जाने का फैसला किया।
उन्होंने 'ट्रुथ सोशल' पर इसे 'पुरानी यादों' से जोड़ा और कहा कि नया विमान ब्रिटेन के आरएएफ मिल्डेनहाल बेस पर ही रहेगा, ताकि वहां मौजूद अमेरिकी सैनिक उसे देख सकें।
वाशिंगटन पोस्ट के अनुसार, अंकारा एयरपोर्ट पर कैमरों के सामने ट्रंप पुराने एयर फोर्स वन में सवार हुए। इसके बाद उन्हें कैटरिंग ट्रक से सी-32ए तक ले जाया गया। इस पूरे अभियान का मकसद उनकी वास्तविक यात्रा को छिपाकर सुरक्षा खतरे को कम करना था।
ट्रंप के साथ यात्रा कर रहे पत्रकारों को लगा कि वे राष्ट्रपति के साथ उसी पुराने एयर फोर्स वन में यात्रा कर रहे हैं। उन्हें विमान की खिड़कियों के शेड बंद रखने के लिए कहा गया था। बाद में पत्रकारों ने ट्रंप से इसका कारण पूछा तो उन्होंने कहा कि शायद वे 'खतरनाक उड़ान' पर थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप को लेकर सी-32ए विमान रात करीब 10:20 बजे ब्रिटेन पहुंचा। कुछ मिनट बाद पुराना एयर फोर्स वन और मीडिया दल भी वहां पहुंच गया। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि ब्रिटेन पहुंचने के बाद ट्रंप को सी-32ए से पुराने एयर फोर्स वन में किस तरह स्थानांतरित किया गया।
#Trump #Newsgenix
10 likes
17 shares