Newsgenix
501 views • 1 days ago
#🌐 राष्ट्रीय अपडेट #🆕 ताजा अपडेट #📢 ताज़ा खबर 🗞️ करीब ढाई वर्ष बाद दिल्ली महिला आयोग को नया नेतृत्व मिल गया है। राज्यसभा सदस्य बनने के बाद जनवरी 2024 में स्वाति मालीवाल के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद से आयोग नियमित अध्यक्ष के बिना काम कर रहा था।
शुक्रवार को पूर्व नगर निगम पार्षद लता गुप्ता ने दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाल लिया। उनके साथ आयोग की नव-नामित सदस्य श्याम बाला, मालती वर्मा, लता सोढ़ी, सनरिका शर्मा झा और रेनू भल्ला ने भी पदभार ग्रहण किया। इससे आयोग लंबे अंतराल के बाद पूर्ण सदस्यीय स्वरूप में काम करेगा।
इससे पहले उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने लता गुप्ता को दिल्ली महिला आयोग का अध्यक्ष और पांच अन्य सदस्यों को आयोग का सदस्य नामित किया था। शुक्रवार को सभी ने आयोग के कार्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से कार्यभार संभाला।
दिल्ली महिला आयोग का अध्यक्ष पद पिछले ढाई वर्ष से रिक्त था।
इस दौरान आयोग में नियमित नेतृत्व नहीं होने को लेकर विपक्ष और महिला संगठनों की ओर से समय-समय पर सवाल उठाए गए। महिलाओं से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण, निरीक्षण और जागरूकता कार्यक्रमों सहित कई गतिविधियां प्रभावित होने की बात भी सामने आती रही। अब नए अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति के बाद आयोग के कामकाज में तेजी आने की उम्मीद है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद लता गुप्ता ने कहा कि वह मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा उन पर जताए गए विश्वास के लिए आभारी हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर के मार्गदर्शन में दिल्ली की महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने के लिए आयोग सक्रिय और संवेदनशील भूमिका निभाएगा।
स्वाति मालीवाल वर्ष 2015 में पहली बार दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष बनी थीं। उनका कार्यकाल बाद में बढ़ाया गया। जनवरी 2024 में आम आदमी पार्टी की ओर से राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद उन्होंने आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से आयोग में नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं हुई थी।
#Delhi #Newsgenix
8 shares