दैनिक अपडेट
575 views • 1 days ago
रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया मंदिर, भजन-कीर्तन में देर रात तक झूमे श्रद्धालु
सादुल्लानगर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर शुक्रवार को थाना सादुल्लानगर परिसर स्थित प्राचीन मंदिर श्रद्धा और भक्ति से सराबोर रहा। मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी, झालरों और आकर्षक सजावटी सामग्री से भव्य रूप से सजाया गया। शाम होते ही रोशनी से नहाया मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बन गया।
जन्माष्टमी को लेकर मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किए गए। शाम से ही भजन-कीर्तन और श्रीकृष्ण की आराधना का दौर शुरू हो गया, जिसमें श्रद्धालु देर रात तक भक्तिरस में डूबे रहे। क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
मंदिर परिसर में आकर्षक ढंग से सजाया गया भगवान श्रीकृष्ण का झूला श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। सुंदर सजावट के बीच झूले पर विराजमान बाल स्वरूप श्रीकृष्ण की मनमोहक छवि ने भक्तों का मन मोह लिया। श्रद्धालुओं ने झूले के दर्शन कर भगवान का आशीर्वाद लिया।
थाना प्रभारी सतेंद्र वर्मा की देखरेख में जन्माष्टमी कार्यक्रम को लेकर मंदिर परिसर में आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखा गया और धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए गए।
देर रात तक मंदिर परिसर ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ जैसे जयकारों और भक्ति गीतों से गूंजता रहा। जन्माष्टमी के अवसर पर थाना परिसर स्थित मंदिर आस्था, भक्ति और उल्लास का प्रमुख केंद्र बना रहा।
#📰 उत्तर प्रदेश अपडेट #📰मंडल अपडेट📢 #📢 ताजा खबर 📰 #🆕 ताजा अपडेट #बलरामपुर न्यूज़
7 shares