#गोण्डा_की_खबरें मंदबुद्धि छोटे भाई ने बड़े भाई को मौत के घाट उतार दिया
गोण्डा के धानेपुर थाना क्षेत्र से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
जहां मंदबुद्धि छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई को मौत के घाट उतार दिया,और हत्या के बाद पूरी रात उसी शव के पास लेटा रहा।
मामला धानेपुर थाना क्षेत्र के प्रतिपाल गंज का है, जहां 39 वर्षीय बड़े भाई पर उसके 26 वर्षीय छोटे भाई ने लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमला इतना बेरहम था कि बड़े भाई ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वारदात के बाद आरोपी भाई घर से भागा नहीं, बल्कि पूरी रात शव के पास ही पड़ा रहा। सुबह जब पिता की आंख खुली और उन्होंने बड़े बेटे को खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते गांव में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि पिता की तहरीर पर आरोपी छोटे भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी युवक मानसिक रूप से विचलित बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल बना हुआ है।