दैनिक अपडेट
647 views • 1 days ago
चटाई उठाते ही सांप ने 13 वर्षीय छात्र को डसा, शिक्षकों की तत्परता से बची जान
प्राथमिक विद्यालय रंकीबदलपुर में सर्पदंश से मचा हड़कंप, शिक्षक बाइक से छात्र को लेकर पहुंचे सीएचसी
सादुल्लानगर/बलरामपुर। प्राथमिक विद्यालय रंकीबदलपुर में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा पांच में पढ़ने वाले 13 वर्षीय छात्र तौसीफ रजा पुत्र अमीरुल्ला निवासी कोटवा दरगाह को सांप ने डस लिया। छात्र के मुताबिक सुबह करीब आठ बजे शिक्षिका ने उसे कमरे से चटाई लाने के लिए कहा था। वह जैसे ही कमरे में पहुंचा और चटाई उठाने लगा, तभी उसके नीचे बैठे सांप ने उसे डस लिया। कमरे में अंधेरा होने के कारण छात्र को सांप दिखाई नहीं दिया।
सर्पदंश के बाद छात्र की हालत को देखते हुए विद्यालय की इंचार्ज प्रतीक्षा यादव, अध्यापिका किरण ओझा तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक अखलाक आलम और शिक्षामित्र मुस्ताक अहमद तत्काल सक्रिय हो गए। अखलाक आलम और मुस्ताक अहमद छात्र को बाइक से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादुल्लानगर लेकर पहुंचे। छात्र को समय रहते अस्पताल पहुंचाने में दोनों का विशेष योगदान रहा।
सीएचसी पहुंचते ही चिकित्सक डॉ. विजय भान ने छात्र का तत्काल उपचार शुरू किया। समय पर इलाज मिलने से छात्र की हालत में सुधार हुआ और वह अब स्वस्थ बताया जा रहा है। डॉ. विजय भान ने बताया कि एहतियात के तौर पर छात्र को शाम तक चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा।
घटना की जानकारी मिलते ही खंड शिक्षा अधिकारी स्वामीनाथ भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और छात्र का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से छात्र के स्वास्थ्य की जानकारी ली। शिक्षकों की तत्परता और चिकित्सकीय टीम द्वारा समय पर उपचार शुरू किए जाने से छात्र की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना ने विद्यालय में साफ-सफाई और बंद कमरों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालय परिसर के कमरों की नियमित जांच और साफ-सफाई जरूरी है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
#📰 उत्तर प्रदेश अपडेट #📰मंडल अपडेट📢 #🆕 ताजा अपडेट #📢 ताजा खबर 📰 #बलरामपुर न्यूज़
7 likes
10 shares