दैनिक अपडेट
446 views • 2 days ago
सीएचसी सादुल्लाह नगर में जल्द शुरू होगी सिजेरियन सुविधा
डीएम ने किया औचक निरीक्षण, ओटी को तत्काल संचालित कराने के दिए निर्देश
सादुल्लाह नगर (बलरामपुर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादुल्लाह नगर में अब गर्भवती महिलाओं को जल्द ही सिजेरियन ऑपरेशन की सुविधा मिल सकेगी। गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. बिपिन कुमार जैन ने सीएचसी का औचक निरीक्षण कर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) को तत्काल पूर्ण रूप से संचालित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों से सभी आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं जल्द पूरी करने को कहा, ताकि प्रसूताओं को ऑपरेशन के लिए दूर के अस्पतालों का रुख न करना पड़े।
डीएम ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल के विभिन्न चिकित्सा कक्षों, वार्ड, ओपीडी, आईपीडी, लेबर रूम और इमरजेंसी प्रसूति कक्ष का जायजा लिया। उन्होंने लेबर रूम में 24 घंटे सुरक्षित प्रसव की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आपातकालीन सेवाओं को हर समय अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए। गंभीर मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने में किसी तरह की लापरवाही न बरतने को कहा।
उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी जानकारी ली। वार्डों में बेड की व्यवस्था, साफ-सफाई और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। पैथोलॉजी लैब के निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि मरीजों की जरूरी जांचें अस्पताल परिसर स्थित लैब में ही निःशुल्क कराई जाएं।
एच1एन1 वार्ड की भी परखी तैयारी
जिलाधिकारी ने एच1एन1 आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण कर संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा। इसके साथ ही ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (बीपीएचयू) के स्थल का भी निरीक्षण किया।
डीएम ने स्वास्थ्य अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासन की मंशा के अनुरूप मरीजों को समय से गुणवत्तापूर्ण उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी रेहरा बाजार डॉ. विजय भान, डॉ. एम. लाल, डॉ. विकल्प मिश्रा, डॉ. सायमा मोईद समेत अन्य चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
#📰 उत्तर प्रदेश अपडेट #📰मंडल अपडेट📢 #📢 ताजा खबर 📰 #🆕 ताजा अपडेट #बलरामपुर न्यूज़
12 shares