दैनिक अपडेट
472 views • 5 hours ago
सादुल्लानगर में गूंजा भारत माता का जयघोष, विधायक के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
सादुल्लानगर/बलरामपुर। स्वतंत्रता दिवस से पहले बुधवार को सादुल्लानगर में राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखने को मिला। भाजपा के सादुल्लानगर मंडल की ओर से निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, युवा और क्षेत्रवासी शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष से पूरे बाजार को गुंजायमान कर दिया।
उतरौला विधानसभा क्षेत्र के सादुल्लानगर मंडल में आयोजित तिरंगा यात्रा का नेतृत्व भाजपा विधायक राम प्रताप वर्मा ने जिला महामंत्री महेंद्र पाण्डेय के साथ किया। यात्रा की शुरुआत सादुल्लानगर स्थित सरकारी डाक बंगले से हुई। तिरंगा यात्रा जैसे-जैसे बाजार की ओर बढ़ी, लोगों का उत्साह बढ़ता गया। डीजे पर गूंज रहे देशभक्ति गीतों के बीच कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लहराते हुए आगे बढ़ते रहे।
यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम और देशभक्ति के नारों से पूरा सादुल्लानगर गूंज उठा। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। तिरंगों से सजा बाजार और देशभक्ति के नारों से उत्साहित युवाओं का जोश देखते ही बन रहा था।
यात्रा रामलीला मैदान पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश की अखंडता के प्रति जागरूकता पैदा करना है। साथ ही देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों और अमर शहीदों को नमन करना भी इसका उद्देश्य है।
तिरंगा यात्रा में विष्णु प्रताप गुप्ता, राधेश्याम, दीपचंद जायसवाल, भाजपा नेता बहरैची प्रसाद गुप्ता, पवन गुप्ता, प्रदीप गुप्ता समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
#📰 उत्तर प्रदेश अपडेट #📰मंडल अपडेट📢 #🆕 ताजा अपडेट #📢 ताजा खबर 📰 #बलरामपुर न्यूज़
19 likes
6 shares