दैनिक अपडेट
547 views • 3 days ago
*अयोध्या के लिए रवाना हुआ कांवड़ियों का जत्था, 11 को सिद्धेश्वरनाथ पर होगा जलाभिषेक
सादुल्लानगर (बलरामपुर)। श्री सिद्धेश्वरनाथ कांवड़िया संघ के तत्वावधान में रविवार को सादुल्लानगर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से कांवड़ियों का जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। केसरिया ध्वज दिखाकर कांवड़ियों को अयोध्या के लिए रवाना किया गया। इस दौरान हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। डीजे की धुन पर भक्ति गीतों के बीच बड़ी संख्या में शिवभक्त अयोध्या के लिए रवाना हुए।
कांवड़िया अयोध्या धाम पहुंचकर सरयू नदी का पावन जल लेकर नंगे पांव पैदल यात्रा करेंगे। 11 अगस्त को सादुल्लानगर स्थित श्री सिद्धेश्वरनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का सरयू जल से जलाभिषेक करेंगे।
कांवड़िया संघ के अध्यक्ष ने कहा कि भगवान शिव श्रद्धा, सेवा और समर्पण के प्रतीक हैं। बाबा भोलेनाथ की कृपा से ही कांवड़ियों में आस्था और ऊर्जा बनी रहती है। अयोध्या धाम से सरयू का पावन जल लेकर नंगे पांव अपने आराध्य भगवान सिद्धेश्वरनाथ का जलाभिषेक करना सभी श्रद्धालुओं के लिए परम सौभाग्य का विषय है। उन्होंने बाबा सिद्धेश्वरनाथ से सभी कांवड़ियों की यात्रा मंगलमय करने और क्षेत्र में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सेवा भगवान शिव की सेवा के समान है। इसी भावना के साथ यात्रा मार्ग पर जगह-जगह जलपान, भोजन-प्रसाद और स्वागत की व्यवस्था की गई है।
कांवड़ यात्रा में सादुल्लानगर क्षेत्र की विभिन्न ग्राम सभाओं से श्रद्धालु शामिल हुए। इनमें रंकी बदलापुर, अहरौला, नत्थईपुर, अचलपुर, हसऊंपुर, रामपुर अरना, धूसवा बाजार, परसरामपुर, खरिका, भुजैनिक भार, गोल्हीपुर, गद्दीपुर, हसनापुर, अलाउद्दीनपुर, किशुनपुर, कम्मरपुर, गद्नाजोत, पलई, रहमतपुर, देवरिया, जिगनी, जिगना और मद्दों भट्ठा सहित आसपास के गांवों के कांवड़िए शामिल हैं।
श्री सिद्धेश्वरनाथ कांवड़िया संघ की समिति ने बताया कि अयोध्या धाम से सादुल्लानगर तक कांवड़ियों की सेवा के लिए श्री सिद्धेश्वरनाथ सेवा दल के सदस्य विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी, सदस्य और क्षेत्र के सम्मानित लोग मौजूद रहे।
#📰 उत्तर प्रदेश अपडेट #📰मंडल अपडेट📢 #🆕 ताजा अपडेट #📢 ताजा खबर 📰 #बलरामपुर न्यूज़
14 likes
12 shares