Newsgenix
511 views • 1 days ago
#🌐 राष्ट्रीय अपडेट #🆕 ताजा अपडेट #📢 ताज़ा खबर 🗞️ भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के विज्ञानियों की ओर से उत्तराखंड के गढ़वाल हिमालय स्थित टोली झील पर किए वैज्ञानिक अध्ययन ने मानव इतिहास और जलवायु परिवर्तन से जुड़े कई रहस्य उजागर किए हैं।
विज्ञानियों ने शोध के दौरान टोली झील की तलछट (सेडिमेंट) का विश्लेषण किया। जिसमें लगभग 15 हजार वर्ष के जलवायु परिवर्तन, वनस्पतियों, सूक्ष्म जीवों, आग की घटनाओं और मानव गतिविधियों के रिकॉर्ड मिले हैं। सबसे महत्वपूर्ण खोज यह रही कि करीब 8,300 वर्ष पुराने सेडिमेंट्स में मानव डीएनए के प्रमाण मिले हैं। जबकि अब तक उपलब्ध पुरातात्विक साक्ष्यों के आधार पर गढ़वाल हिमालय में मानव इतिहास लगभग 3,000 वर्ष पुराना माना जाता था।
आईआईटी रुड़की की शोधार्थी सुष्मिता सिंह ने बताया कि पृथ्वी विज्ञान विभाग के प्रोफेसर प्रदीप श्रीवास्तव और जैव विज्ञान एवं जैव अभियांत्रिकी विभाग के प्रोफेसर नवीन कुमार नवानी के नेतृत्व में उन्होंने यह अध्ययन उत्तराखंड के गढ़वाल हिमालय स्थित टोली झील पर वर्ष 2022 में प्रारंभ किया था।
पृथ्वी विज्ञान विभाग की शोधार्थी सुष्मिता सिंह ने बताया कि शोध से मिले संकेत के अनुसार इस क्षेत्र में मानव की मौजूदगी पूर्व के अनुमान से करीब 5,000 वर्ष अधिक पुरानी हो सकती है। उस समय यहां आने वाले लोग संभवतः घुमंतू या मौसमी प्रवासी रहे होंगे। इसलिए उनके स्थायी निवास के स्पष्ट प्रमाण नहीं मिल पाए हैं।
उन्होंने बताया कि अध्ययन के अनुसार लगभग 15,000 से 9,500 वर्ष पहले यह क्षेत्र ठंडा और शुष्क था। इसके बाद भारतीय ग्रीष्मकालीन मानसून मजबूत होने से करीब 9,500 से 3,600 वर्ष पहले यहां गर्म और आर्द्र परिस्थितियां विकसित हुई और झील का जलस्तर ऊंचा बना रहा। लगभग 3,600 वर्ष पहले के बाद जलवायु फिर अपेक्षाकृत शुष्क होने लगी।
शोधकर्ताओं ने सेडिमेंटरी एंशिएंट डीएनए तकनीक की मदद से यह भी पाया कि हजारों वर्षों में यहां के पौधों, सूक्ष्म जीवों और अन्य जीवों की संरचना में लगातार बदलाव हुए। इससे स्पष्ट होता है कि जलवायु परिवर्तन का असर केवल तापमान और वर्षा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे पारिस्थितिकी तंत्र पर पड़ा।
विज्ञानियों का मानना है कि यदि हिमालय की अन्य झीलों पर भी इसी प्रकार के अध्ययन किए जाएं तो यह बेहतर ढंग से समझा जा सकेगा कि मानव इस पर्वतीय क्षेत्र में कब पहुंचे, कैसे बसे और समय के साथ उन्होंने पर्यावरण और जलवायु को किस प्रकार प्रभावित किया।
#Uttarakhand #IITRoorkee #Newsgenix
10 shares