Jan-Kranti hindi news bulletin
553 views • 9 hours ago •
पांचवें दिन भी सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी, शहर में जगह-जगह कचरे का अंबार
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
स्थायीकरण, न्यूनतम वेतन और आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन जारी, सफाई व्यवस्था ठप होने से बढ़ी लोगों की परेशानी
समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज़ बुलेटिन कार्यालय न्यूज़ डेस्क 03 अगस्त 2026)। बिहार लोकल बॉडीज इम्प्लॉइज फेडरेशन एवं बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ नगर निगम संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर समस्तीपुर नगर निगम के सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल पांचवें दिन भी जारी रही। संयुक्त संघर्ष मोर्चा के नेताओं ने दावा किया कि समस्तीपुर समेत पूरे बिहार में हड़ताल सफल रही है।
संघर्ष मोर्चा के नेताओं ने बताया कि सफाई कर्मी दैनिक कर्मचारियों के स्थायीकरण, न्यूनतम वेतन लागू करने, आउटसोर्सिंग एवं ठेका प्रथा समाप्त करने, संविदा कर्मियों को नगर निगम कर्मियों का दर्जा देने, एसीपी एवं एमएसीपी लागू करने तथा बकाया राशि के भुगतान सहित विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
हड़ताल के कारण शहर की नियमित सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। आरएसबी इंटर कॉलेज रोड, कचहरी रोड, भोला टॉकीज चौक, जिला परिषद कार्यालय के सामने तथा काशीपुर समेत शहर के कई प्रमुख इलाकों में कचरे का अंबार लग गया है। कई दिनों से कचरा नहीं उठने के कारण सड़कों पर गंदगी फैल रही है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क किनारे जमा कचरे से उठ रही दुर्गंध ने स्थानीय नागरिकों और राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। वहीं, आवारा पशु कचरे को इधर-उधर बिखेर रहे हैं, जिससे स्थिति और गंभीर होती जा रही है। कई स्थानों पर लोगों को सड़क किनारे फैले कचरे के बीच से गुजरने को मजबूर होना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार पांच दिनों से सफाई व्यवस्था ठप रहने के कारण संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। नागरिकों ने बिहार सरकार और नगर निगम प्रशासन से सफाई कर्मियों की मांगों पर शीघ्र निर्णय लेते हुए हड़ताल समाप्त कराने और शहर की नियमित सफाई व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।
हड़ताल के समर्थन में संघ के अध्यक्ष राजकुमार, सम्मानित अध्यक्ष एवं ऐक्टू राज्य परिषद सदस्य जीवछ पासवान, बिहार राज्य अनुरक्षक संघ के जिला अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार कुशवाहा समेत कृष्ण कुमार, सूरज राम, अनिल कुमार, अरुण कुमार राम, मिथिलेश कुमार, विकास कुमार, रवि कुमार, बिक्रम कुमार, मुकेश मल्लिक, चंदन राम, चंदा देवी, संगीता देवी, पूजा देवी, गुड़िया देवी, रेणु देवी और किरण देवी सहित कई कर्मचारी शामिल रहे।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित। #🌐 राष्ट्रीय अपडेट ##Samastipur news
3 likes
11 shares