दैनिक अपडेट
626 views • 1 days ago
ढाबली में चोरी के प्रयास के शक में युवक की पीटकर हत्या, पिता-पुत्र गिरफ्तार
गैसड़ी/बलरामपुर। कोतवाली गैसड़ी क्षेत्र के ठकुरापुर के पास ढाबली में चोरी के प्रयास के शक में एक युवक की डंडे से पीटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, विशुनपुर कला निवासी फूलकुमार ने 12 अगस्त को तहरीर देकर बताया कि 11 अगस्त को उसके भाई रामसनेही को गैसड़ी बाजार जाते समय ठकुरापुर के पास गुड्डे समेत कुछ लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया था। इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले जाने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय और क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार पांडेय की टीम ने 13 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर बरूनी नाला क्षेत्र से अकबर अली निवासी ठकुरापुर और करीब 14 वर्षीय बाल अपचारी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि रामसनेही उनकी ढाबली में चोरी का प्रयास कर रहा था। उसे पकड़कर खंभे से बांध दिया और डंडे से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद किया है। दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार पांडेय, उपनिरीक्षक गुलाबशाही, कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार, विपिन कुमार और अमित कुमार यादव शामिल रहे।
#📰 उत्तर प्रदेश अपडेट #📰मंडल अपडेट📢 #📢 ताजा खबर 📰 #🆕 ताजा अपडेट #बलरामपुर न्यूज़
12 likes
9 shares