दैनिक अपडेट
532 views 4 days ago
ग्रामीण इलाकों में वायरल बुखार का बढ़ा प्रकोप, तेज बुखार और बदन दर्द से परेशान ग्रामीण रेहरा बाजार (बलरामपुर)। जिले के रेहरा बाजार क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों वायरल बुखार का प्रकोप बढ़ता नजर आ रहा है। गांवों में बड़ी संख्या में लोग तेज बुखार, शरीर के विभिन्न जोड़ों में दर्द और मांसपेशियों में तेज दर्द की शिकायत लेकर चिकित्सकों के पास पहुंच रहे हैं। अचानक बुखार चढ़ने और शरीर में कमजोरी महसूस होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार, कई लोगों को शुरुआत में हल्का बुखार महसूस होता है, लेकिन कुछ ही समय में तापमान तेज हो जाता है। इसके साथ ही हाथ-पैर, कमर और अन्य जोड़ों में दर्द के अलावा मांसपेशियों में खिंचाव और कमजोरी जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। कई परिवारों में एक से अधिक लोगों के बीमार होने से रोजमर्रा के कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बदलते मौसम और बारिश के बाद गांवों में बीमारी के मामले बढ़े हैं। लोग बुखार के साथ बदन दर्द और कमजोरी से परेशान हैं। ऐसे में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से गांवों में स्वास्थ्य टीम भेजकर जांच और आवश्यक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। सादुल्लानगर क्षेत्र के चिकित्साधिकारी डॉ. विजयभान और डॉ. विकल्प मिश्रा के अनुसार मौसम में बदलाव और बारिश के बाद बढ़ी नमी के कारण इस समय वायरल संक्रमण के मामले सामने आ सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बुखार होने पर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और योग्य चिकित्सक से जांच व परामर्श लें। चिकित्सकों ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, साफ-सफाई रखने और घरों व आसपास गंदा पानी जमा न होने देने की सलाह दी है। साथ ही बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाइयों का सेवन करने से बचने को कहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में बुखार के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की सतर्कता जरूरी मानी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गांवों में समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर और जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि गंभीर मरीजों को समय रहते उपचार मिल सके। #📰 उत्तर प्रदेश अपडेट #📰मंडल अपडेट📢 #📢 ताजा खबर 📰 #🆕 ताजा अपडेट #बलरामपुर न्यूज़
9 shares

More like this