दैनिक अपडेट
482 views 3 days ago
बलरामपुर में 520 किलो अवैध पटाखे बरामद, दो गिरफ्तार बिना लाइसेंस घरों में भंडारण कर बेचते थे पटाखे, घनी आबादी में हादसे का बना था खतरा बलरामपुर। दीपावली से पहले बलरामपुर पुलिस ने अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली नगर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापा मारकर कुल 520 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में दो मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि चूड़ी मार्केट टेढ़ी बाजार निवासी सगीर अहमद उर्फ मुसई (65) अपने मकान में बिना लाइसेंस अवैध पटाखे रखकर बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के पटाखों की छह बोरियां बरामद कीं, जिनका कुल वजन करीब 120 किलोग्राम था। इसी तरह पुलिस को गोबिंदबाग निवासी मो. रईस के मकान में भी अवैध पटाखों के भंडारण की सूचना मिली। पुलिस ने गुड़ मंडी गोबिंदबाग में कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के पटाखों की 14 बोरियां बरामद हुईं, जिनका वजन करीब 400 किलोग्राम बताया गया है। दोनों मामलों में कुल 20 बोरियों में 520 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए। बिना लाइसेंस घर से करते थे बिक्री पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनके पास पटाखे बेचने का कोई लाइसेंस नहीं है। वे दीपावली के दौरान बड़ा परेड ग्राउंड में अस्थायी दुकान लगाकर पटाखे बेचते हैं। इसके अलावा घर में पटाखे रखकर वैवाहिक और अन्य कार्यक्रमों के लिए भी बिक्री करते हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 201/2026 और 202/2026, धारा 288 बीएनएस व 9बी विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों स्थान घनी आबादी में होने के कारण अवैध तरीके से पटाखों का भंडारण गंभीर खतरा पैदा कर सकता था। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय और क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्र के नेतृत्व में की गई। दोनों आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेजा गया। #📰 उत्तर प्रदेश अपडेट #📰मंडल अपडेट📢 #📢 ताजा खबर 📰 #🆕 ताजा अपडेट #बलरामपुर न्यूज़
10 shares

More like this