सरयू जल लेकर लौटे हजारों कांवड़िये, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा रेहरा बाजार
जगह-जगह पुष्पवर्षा कर हुआ स्वागत, बाल शिवभक्त रहे आकर्षण का केंद्र; 101 लीटर जल लेकर पहुंचे लवकुश
रेहरा बाजार/बलरामपुर। सावन की शिवभक्ति में मंगलवार को रेहरा बाजार क्षेत्र पूरी तरह शिवमय नजर आया। अयोध्या धाम से सरयू जल लेकर लौटे हजारों कांवड़ियों के क्षेत्र में पहुंचते ही सड़कों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भगवा वस्त्रों में कांवड़ उठाए शिवभक्तों के हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। जगह-जगह ग्रामीणों ने तिलक लगाकर कांवड़ियों का स्वागत किया और पुष्पवर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया।
क्षेत्र के युवा शिवभक्तों का जत्था नौ अगस्त को करीब 55 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर अयोध्या धाम पहुंचा था। सरयू जल लेकर लौटे कांवड़ियों ने मंगलवार भोर में करौंहा नाथ पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके बाद जत्था मद्दों बाजार और सादुल्लानगर की ओर बढ़ा। रास्ते में ग्रामीणों और समाजसेवियों ने जगह-जगह जलपान व सेवा शिविर लगाकर कांवड़ियों का स्वागत किया।
यात्रा में सादुल्लानगर के अलावा अहिरौला, भेलया मदनपुर, नेवादा, कम्मरपुर, गूमा फातमाजोत, हसनापुर, कोटवा दरगाह, धुसवा बाजार और गैंडास बुजुर्ग समेत आसपास के दर्जनों गांवों के श्रद्धालु शामिल रहे। खास बात यह रही कि बड़ी संख्या में बाल शिवभक्त भी कांवड़ यात्रा में शामिल रहे। भगवा वस्त्रों में छोटी कांवड़ लेकर परिजनों के साथ पैदल चलते इन बाल शिवभक्तों की भक्ति और उत्साह देखते ही बन रहा था।
सादुल्लानगर के मुबारक मोड़ पर जिला पंचायत सदस्य मानसिंह चौहान की ओर से बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। फूलों की बारिश के बीच डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर शिवभक्त झूमते हुए आगे बढ़े। इस दौरान सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने हर-हर महादेव के जयकारे लगाए।
कांवड़ यात्रा में लवकुश 101 लीटर सरयू जल लेकर पैदल पहुंचे। इसके अलावा अन्य श्रद्धालु 90, 61, 40, 30 और 21 लीटर जल लेकर मंदिरों तक पहुंचे। अहिरौला स्थित शिव मंदिर और श्री सिद्धेश्वरनाथ मंदिर में विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। घंटा-घड़ियाल की ध्वनि और हर-हर महादेव के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठा।
कांवड़ियों की सेवा के लिए क्षेत्र में जगह-जगह जलपान केंद्र लगाए गए। यहां फल, भोजन और ठंडा पानी वितरित किया गया। चिकित्साधिकारी डॉ. विजय भान के नेतृत्व में स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिसमें वीरेंद्र त्रिपाठी समेत स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। कांवड़ियों की सेवा और स्वागत में राजकुमार शर्मा, सुनील गुप्ता, रामपाल यादव, चिंतन शर्मा, सुरपाल मिश्रा समेत बड़ी संख्या में समाजसेवी और ग्रामीण जुटे रहे।
#📰 उत्तर प्रदेश अपडेट #📰मंडल अपडेट📢 #🆕 ताजा अपडेट #📢 ताजा खबर 📰 #बलरामपुर न्यूज़