जनसमस्या
50 Posts • 5K views
झुलसाती गर्मी में अंधेरे का संकट: पिण्डारमा गांव चार दिन से बिजली विहीन, ट्रांसफार्मर फुंकने से ग्रामीणों में आक्रोश #खबर #समाचार #राजस्थान #जनसमस्या झुलसाने वाली गर्मी के दौर के बीच पिण्डारमा गांव के ग्रामीण पिछले चार दिनों से बिजली कटौती की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। गांव में लगा बिजली ट्रांसफार्मर फुंक जाने के कारण पूरे गांव की बिजली व्यवस्था ठप हो गई है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पिण्डारमा निवासी राजेंद्र उपाध्याय ने बताया कि गांव का ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना बिजली विभाग को दे दी गई थी, लेकिन चार दिन बीत जाने के बावजूद अब तक विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। तेज गर्मी और उमस के बीच बिना बिजली के हालात और भी कठिन हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इन दिनों खेतों में गेहूं कटाई का काम पूरे जोर पर चल रहा है। किसान दिन भर खेतों में कड़ी मेहनत करते हैं, लेकिन रात में बिजली नहीं होने से उन्हें आराम भी नसीब नहीं हो पा रहा है। ऊपर से मच्छरों की बढ़ती संख्या ने परेशानी को और बढ़ा दिया है, जिससे ग्रामीणों की रातें जागकर कट रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए बिजली विभाग से कई बार गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। समस्या के समाधान में हो रही देरी के कारण ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर गांव की बिजली आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।
13 likes
11 shares