बलरामपुर न्यूज़

दैनिक अपडेट
2.4K views
15 hours ago
प्राथमिक विद्यालय मौहरवा में उत्साह से मनाया गया शिक्षक दिवस, बच्चों ने व्यक्त किया शिक्षकों के प्रति सम्मान रेहरा बाजार (बलरामपुर)। शिक्षा क्षेत्र रेहरा बाजार के प्राथमिक विद्यालय मौहरवा में शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिसर में शिक्षक दिवस को लेकर बच्चों में सुबह से ही उमंग और उत्साह बना रहा। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने शिक्षकों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करते हुए शिक्षक दिवस के महत्व को समझा। विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। इस दौरान शिक्षकों के योगदान और विद्यार्थियों के जीवन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा की गई। बच्चों को बताया गया कि शिक्षक केवल उन्हें किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, संस्कार और बेहतर भविष्य की नींव भी मजबूत करते हैं। इंचार्ज प्रधानाध्यापक कामता प्रसाद ने बच्चों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में शिक्षक का मार्गदर्शन बेहद महत्वपूर्ण होता है। शिक्षक बच्चों को सही दिशा दिखाकर उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने बच्चों से नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अच्छे संस्कार अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का वातावरण पूरी तरह उत्साहपूर्ण नजर आया। बच्चों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को और खास बना दिया। शिक्षक दिवस के मौके पर विद्यालय में शिक्षा, अनुशासन और संस्कार का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर इंचार्ज प्रधानाध्यापक कामता प्रसाद, आंगनबाड़ी कार्यकत्री पूजा देवी, रसोइया तथा विद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। आयोजन के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया। #📰 उत्तर प्रदेश अपडेट #📰मंडल अपडेट📢 #📢 ताजा खबर 📰 #🆕 ताजा अपडेट #बलरामपुर न्यूज़
दैनिक अपडेट
2.5K views
15 hours ago
शिक्षक दिवस पर शिक्षण संस्थानों में गूंजा गुरु महिमा का संदेश विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए शिक्षकों के प्रति जताया सम्मान सादुल्लानगर/बलरामपुर। क्षेत्र में शनिवार को शिक्षक दिवस श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। सादुल्लानगर समेत आसपास के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के सम्मान में विविध कार्यक्रम आयोजित किए। कहीं विद्यार्थियों ने शिक्षक की भूमिका निभाई तो कहीं गीत, कविता, भाषण और नाटक के माध्यम से शिक्षकों के योगदान को रेखांकित किया गया। सादुल्लानगर के केएन एजुकेशनल सोसाइटी, अमीना कॉन्वेंट स्कूल, हाजी इस्माइल इंटर कॉलेज, एजी हाशमी इंटर कॉलेज, किसान बालिका इंटर कॉलेज, बेगम हाजी इस्माइल इंटर कॉलेज और मौलाना अबुल कलाम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घासीपोखरा समेत क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में शिक्षक दिवस पर कार्यक्रम हुए। प्राथमिक विद्यालयों और पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय सादुल्लानगर में भी बच्चों ने उत्साहपूर्वक शिक्षक दिवस मनाया। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों को पुष्प भेंट कर शुभकामनाएं दीं। कई विद्यालयों में विद्यार्थियों ने एक दिन के लिए शिक्षक की भूमिका निभाकर शिक्षण कार्य किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुत गीत, कविता, भाषण और नाटक ने सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने अपने संबोधन में शिक्षकों को जीवन का मार्गदर्शक बताते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रमों में शिक्षकों ने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। उनके व्यक्तित्व निर्माण में माता-पिता के साथ शिक्षक की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण है। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि अनुशासन, संस्कार, मेहनत और सही-गलत का अंतर समझाकर उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की राह दिखाते हैं। प्रधानाध्यापक सियाराम यादव ने महान शिक्षाविद्, भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं द्वितीय राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों के प्रति सदैव सम्मान बनाए रखने और उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक सियाराम यादव, फैजान मंसूरी, इकरा खान, रूही फातमा, सुनीता गुप्ता, गंगाराम यादव, हुमा आफरीन, सदफ, शेरिया, मंजू, हफ्सा, मांडवी, मीनाक्षी, इक़रा सिद्दीकी, ज़ैनब सिद्दीकी, चपरासी आशाराम, आया अनीता सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद रहे। #📰 उत्तर प्रदेश अपडेट #📰मंडल अपडेट📢 #📢 ताजा खबर 📰 #🆕 ताजा अपडेट #बलरामपुर न्यूज़
दैनिक अपडेट
575 views
1 days ago
रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया मंदिर, भजन-कीर्तन में देर रात तक झूमे श्रद्धालु सादुल्लानगर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर शुक्रवार को थाना सादुल्लानगर परिसर स्थित प्राचीन मंदिर श्रद्धा और भक्ति से सराबोर रहा। मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी, झालरों और आकर्षक सजावटी सामग्री से भव्य रूप से सजाया गया। शाम होते ही रोशनी से नहाया मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बन गया। जन्माष्टमी को लेकर मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किए गए। शाम से ही भजन-कीर्तन और श्रीकृष्ण की आराधना का दौर शुरू हो गया, जिसमें श्रद्धालु देर रात तक भक्तिरस में डूबे रहे। क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में आकर्षक ढंग से सजाया गया भगवान श्रीकृष्ण का झूला श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। सुंदर सजावट के बीच झूले पर विराजमान बाल स्वरूप श्रीकृष्ण की मनमोहक छवि ने भक्तों का मन मोह लिया। श्रद्धालुओं ने झूले के दर्शन कर भगवान का आशीर्वाद लिया। थाना प्रभारी सतेंद्र वर्मा की देखरेख में जन्माष्टमी कार्यक्रम को लेकर मंदिर परिसर में आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखा गया और धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए गए। देर रात तक मंदिर परिसर ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ जैसे जयकारों और भक्ति गीतों से गूंजता रहा। जन्माष्टमी के अवसर पर थाना परिसर स्थित मंदिर आस्था, भक्ति और उल्लास का प्रमुख केंद्र बना रहा। #📰 उत्तर प्रदेश अपडेट #📰मंडल अपडेट📢 #📢 ताजा खबर 📰 #🆕 ताजा अपडेट #बलरामपुर न्यूज़
दैनिक अपडेट
412 views
1 days ago
वर्षों से बंद नायरा पेट्रोल पंप फिर हुआ शुरू, ग्रामीणों को मिलेगी राहत सादुल्लानगर/बलरामपुर। रेहरा बाजार क्षेत्र के परसिया पतकरपुर-सादुल्लानगर-रेहरा बाजार मुख्य मार्ग पर हीरो एजेंसी के पास वर्षों से बंद पड़े नायरा पेट्रोल पंप का शुक्रवार देर शाम पुनः शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि सादुल्लानगर थाना प्रभारी सतेंद्र वर्मा और सपा नेता डॉ. परवेज उमर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर पेट्रोल पंप का उद्घाटन किया। इस दौरान पेट्रोल पंप के मैनेजर मौलाना मोहिबुल्लाह ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। लंबे समय से पेट्रोल पंप बंद होने के कारण क्षेत्र के वाहन चालकों और ग्रामीणों को पेट्रोल-डीजल भराने के लिए दूसरे स्थानों का रुख करना पड़ता था। इसके लिए उन्हें अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे समय के साथ ईंधन की भी खपत होती थी। अब पेट्रोल पंप के दोबारा संचालन से लोगों को इस समस्या से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। परसिया पतकरपुर से सादुल्लानगर होते हुए रेहरा बाजार को जोड़ने वाला यह प्रमुख मार्ग दर्जनों गांवों के लोगों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण साधन है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया, निजी और व्यावसायिक वाहन गुजरते हैं। ऐसे में मार्ग पर पेट्रोल पंप की सुविधा उपलब्ध होने से वाहन चालकों को काफी सहूलियत मिलेगी। उद्घाटन के मौके पर स्थानीय लोगों ने पेट्रोल पंप के पुनः संचालन पर खुशी जताई। लोगों का कहना है कि लंबे इंतजार के बाद सुविधा बहाल होने से आसपास के गांवों के लोगों को अब ईंधन के लिए अनावश्यक दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। पेट्रोल पंप के संचालन से क्षेत्र की व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। उद्घाटन के बाद पंप पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। वर्षों से बंद सुविधा के दोबारा शुरू होने से क्षेत्रवासियों में राहत और उत्साह का माहौल है। #📰 उत्तर प्रदेश अपडेट #📰मंडल अपडेट📢 #📢 ताजा खबर 📰 #🆕 ताजा अपडेट #बलरामपुर न्यूज़
दैनिक अपडेट
446 views
2 days ago
सीएचसी सादुल्लाह नगर में जल्द शुरू होगी सिजेरियन सुविधा डीएम ने किया औचक निरीक्षण, ओटी को तत्काल संचालित कराने के दिए निर्देश सादुल्लाह नगर (बलरामपुर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादुल्लाह नगर में अब गर्भवती महिलाओं को जल्द ही सिजेरियन ऑपरेशन की सुविधा मिल सकेगी। गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. बिपिन कुमार जैन ने सीएचसी का औचक निरीक्षण कर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) को तत्काल पूर्ण रूप से संचालित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों से सभी आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं जल्द पूरी करने को कहा, ताकि प्रसूताओं को ऑपरेशन के लिए दूर के अस्पतालों का रुख न करना पड़े। डीएम ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल के विभिन्न चिकित्सा कक्षों, वार्ड, ओपीडी, आईपीडी, लेबर रूम और इमरजेंसी प्रसूति कक्ष का जायजा लिया। उन्होंने लेबर रूम में 24 घंटे सुरक्षित प्रसव की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आपातकालीन सेवाओं को हर समय अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए। गंभीर मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने में किसी तरह की लापरवाही न बरतने को कहा। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी जानकारी ली। वार्डों में बेड की व्यवस्था, साफ-सफाई और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। पैथोलॉजी लैब के निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि मरीजों की जरूरी जांचें अस्पताल परिसर स्थित लैब में ही निःशुल्क कराई जाएं। एच1एन1 वार्ड की भी परखी तैयारी जिलाधिकारी ने एच1एन1 आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण कर संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा। इसके साथ ही ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (बीपीएचयू) के स्थल का भी निरीक्षण किया। डीएम ने स्वास्थ्य अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासन की मंशा के अनुरूप मरीजों को समय से गुणवत्तापूर्ण उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी रेहरा बाजार डॉ. विजय भान, डॉ. एम. लाल, डॉ. विकल्प मिश्रा, डॉ. सायमा मोईद समेत अन्य चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। #📰 उत्तर प्रदेश अपडेट #📰मंडल अपडेट📢 #📢 ताजा खबर 📰 #🆕 ताजा अपडेट #बलरामपुर न्यूज़
दैनिक अपडेट
482 views
3 days ago
बलरामपुर में 520 किलो अवैध पटाखे बरामद, दो गिरफ्तार बिना लाइसेंस घरों में भंडारण कर बेचते थे पटाखे, घनी आबादी में हादसे का बना था खतरा बलरामपुर। दीपावली से पहले बलरामपुर पुलिस ने अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली नगर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापा मारकर कुल 520 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में दो मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि चूड़ी मार्केट टेढ़ी बाजार निवासी सगीर अहमद उर्फ मुसई (65) अपने मकान में बिना लाइसेंस अवैध पटाखे रखकर बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के पटाखों की छह बोरियां बरामद कीं, जिनका कुल वजन करीब 120 किलोग्राम था। इसी तरह पुलिस को गोबिंदबाग निवासी मो. रईस के मकान में भी अवैध पटाखों के भंडारण की सूचना मिली। पुलिस ने गुड़ मंडी गोबिंदबाग में कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के पटाखों की 14 बोरियां बरामद हुईं, जिनका वजन करीब 400 किलोग्राम बताया गया है। दोनों मामलों में कुल 20 बोरियों में 520 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए। बिना लाइसेंस घर से करते थे बिक्री पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनके पास पटाखे बेचने का कोई लाइसेंस नहीं है। वे दीपावली के दौरान बड़ा परेड ग्राउंड में अस्थायी दुकान लगाकर पटाखे बेचते हैं। इसके अलावा घर में पटाखे रखकर वैवाहिक और अन्य कार्यक्रमों के लिए भी बिक्री करते हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 201/2026 और 202/2026, धारा 288 बीएनएस व 9बी विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों स्थान घनी आबादी में होने के कारण अवैध तरीके से पटाखों का भंडारण गंभीर खतरा पैदा कर सकता था। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय और क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्र के नेतृत्व में की गई। दोनों आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेजा गया। #📰 उत्तर प्रदेश अपडेट #📰मंडल अपडेट📢 #📢 ताजा खबर 📰 #🆕 ताजा अपडेट #बलरामपुर न्यूज़
दैनिक अपडेट
430 views
4 days ago
संदिग्ध परिस्थितियों में मिला 28 वर्षीय युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस सादुल्लानगर/बलरामपुर। सादुल्लानगर थाना क्षेत्र के रहमतपुर गांव में मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान गोंडा जिले के सुमेरपुर पल्टीपुर निवासी प्रमोद (28) पुत्र लुटावन के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार सुबह गांव के समीप युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा गया। काफी देर तक कोई हलचल न होने पर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सादुल्लानगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाने में लगी है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष सादुल्लानगर सतेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि युवक की मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। #📰 उत्तर प्रदेश अपडेट #📰मंडल अपडेट📢 #📢 ताजा खबर 📰 #🆕 ताजा अपडेट #बलरामपुर न्यूज़
दैनिक अपडेट
532 views
4 days ago
ग्रामीण इलाकों में वायरल बुखार का बढ़ा प्रकोप, तेज बुखार और बदन दर्द से परेशान ग्रामीण रेहरा बाजार (बलरामपुर)। जिले के रेहरा बाजार क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों वायरल बुखार का प्रकोप बढ़ता नजर आ रहा है। गांवों में बड़ी संख्या में लोग तेज बुखार, शरीर के विभिन्न जोड़ों में दर्द और मांसपेशियों में तेज दर्द की शिकायत लेकर चिकित्सकों के पास पहुंच रहे हैं। अचानक बुखार चढ़ने और शरीर में कमजोरी महसूस होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार, कई लोगों को शुरुआत में हल्का बुखार महसूस होता है, लेकिन कुछ ही समय में तापमान तेज हो जाता है। इसके साथ ही हाथ-पैर, कमर और अन्य जोड़ों में दर्द के अलावा मांसपेशियों में खिंचाव और कमजोरी जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। कई परिवारों में एक से अधिक लोगों के बीमार होने से रोजमर्रा के कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बदलते मौसम और बारिश के बाद गांवों में बीमारी के मामले बढ़े हैं। लोग बुखार के साथ बदन दर्द और कमजोरी से परेशान हैं। ऐसे में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से गांवों में स्वास्थ्य टीम भेजकर जांच और आवश्यक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। सादुल्लानगर क्षेत्र के चिकित्साधिकारी डॉ. विजयभान और डॉ. विकल्प मिश्रा के अनुसार मौसम में बदलाव और बारिश के बाद बढ़ी नमी के कारण इस समय वायरल संक्रमण के मामले सामने आ सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बुखार होने पर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और योग्य चिकित्सक से जांच व परामर्श लें। चिकित्सकों ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, साफ-सफाई रखने और घरों व आसपास गंदा पानी जमा न होने देने की सलाह दी है। साथ ही बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाइयों का सेवन करने से बचने को कहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में बुखार के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की सतर्कता जरूरी मानी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गांवों में समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर और जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि गंभीर मरीजों को समय रहते उपचार मिल सके। #📰 उत्तर प्रदेश अपडेट #📰मंडल अपडेट📢 #📢 ताजा खबर 📰 #🆕 ताजा अपडेट #बलरामपुर न्यूज़