#गोण्डा_की_खबरें ट्रेन के जनरल कोच से 139 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद लखनऊ मंडल की नारकोटिक्स टास्क टीम ने ट्रेनों में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सत्याग्रह एक्सप्रेस के जनरल कोच से लावारिस हालत में 139 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की कीमत करीब 22 हजार 240 रुपये बताई जा रही है। मामले में अग्रिम कार्रवाई के लिए बरामद शराब को आरपीएफ पोस्ट गोण्डा को सुपुर्द कर दिया गया है। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त लखनऊ के निर्देशन में गठित नारकोटिक्स टास्क टीम ने शुक्रवार को ट्रेन संख्या 15204 के जनरल कोच संख्या 257030/GS की सघन जांच की। इस दौरान एक लावारिस बैग से AFTER DARK ब्रांड की 180 एमएल क्षमता वाली 139 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। टीम ने आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी बैग पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद शराब को आरपीएफ ने कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गोण्डा को सौंप दिया। आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार ट्रेनों के माध्यम से अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए आगे भी विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।
12 likes
15 shares

More like this