बलरामपुर न्यूज़

दैनिक अपडेट
515 views
17 hours ago
सादुल्लानगर में गूंजा भारत माता का जयघोष, विधायक के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा सादुल्लानगर/बलरामपुर। स्वतंत्रता दिवस से पहले बुधवार को सादुल्लानगर में राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखने को मिला। भाजपा के सादुल्लानगर मंडल की ओर से निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, युवा और क्षेत्रवासी शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष से पूरे बाजार को गुंजायमान कर दिया। उतरौला विधानसभा क्षेत्र के सादुल्लानगर मंडल में आयोजित तिरंगा यात्रा का नेतृत्व भाजपा विधायक राम प्रताप वर्मा ने जिला महामंत्री महेंद्र पाण्डेय के साथ किया। यात्रा की शुरुआत सादुल्लानगर स्थित सरकारी डाक बंगले से हुई। तिरंगा यात्रा जैसे-जैसे बाजार की ओर बढ़ी, लोगों का उत्साह बढ़ता गया। डीजे पर गूंज रहे देशभक्ति गीतों के बीच कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लहराते हुए आगे बढ़ते रहे। यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम और देशभक्ति के नारों से पूरा सादुल्लानगर गूंज उठा। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। तिरंगों से सजा बाजार और देशभक्ति के नारों से उत्साहित युवाओं का जोश देखते ही बन रहा था। यात्रा रामलीला मैदान पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश की अखंडता के प्रति जागरूकता पैदा करना है। साथ ही देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों और अमर शहीदों को नमन करना भी इसका उद्देश्य है। तिरंगा यात्रा में विष्णु प्रताप गुप्ता, राधेश्याम, दीपचंद जायसवाल, भाजपा नेता बहरैची प्रसाद गुप्ता, पवन गुप्ता, प्रदीप गुप्ता समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। #📰 उत्तर प्रदेश अपडेट #📰मंडल अपडेट📢 #🆕 ताजा अपडेट #📢 ताजा खबर 📰 #बलरामपुर न्यूज़
दैनिक अपडेट
646 views
22 hours ago
चटाई उठाते ही सांप ने 13 वर्षीय छात्र को डसा, शिक्षकों की तत्परता से बची जान प्राथमिक विद्यालय रंकीबदलपुर में सर्पदंश से मचा हड़कंप, शिक्षक बाइक से छात्र को लेकर पहुंचे सीएचसी सादुल्लानगर/बलरामपुर। प्राथमिक विद्यालय रंकीबदलपुर में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा पांच में पढ़ने वाले 13 वर्षीय छात्र तौसीफ रजा पुत्र अमीरुल्ला निवासी कोटवा दरगाह को सांप ने डस लिया। छात्र के मुताबिक सुबह करीब आठ बजे शिक्षिका ने उसे कमरे से चटाई लाने के लिए कहा था। वह जैसे ही कमरे में पहुंचा और चटाई उठाने लगा, तभी उसके नीचे बैठे सांप ने उसे डस लिया। कमरे में अंधेरा होने के कारण छात्र को सांप दिखाई नहीं दिया। सर्पदंश के बाद छात्र की हालत को देखते हुए विद्यालय की इंचार्ज प्रतीक्षा यादव, अध्यापिका किरण ओझा तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक अखलाक आलम और शिक्षामित्र मुस्ताक अहमद तत्काल सक्रिय हो गए। अखलाक आलम और मुस्ताक अहमद छात्र को बाइक से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादुल्लानगर लेकर पहुंचे। छात्र को समय रहते अस्पताल पहुंचाने में दोनों का विशेष योगदान रहा। सीएचसी पहुंचते ही चिकित्सक डॉ. विजय भान ने छात्र का तत्काल उपचार शुरू किया। समय पर इलाज मिलने से छात्र की हालत में सुधार हुआ और वह अब स्वस्थ बताया जा रहा है। डॉ. विजय भान ने बताया कि एहतियात के तौर पर छात्र को शाम तक चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा। घटना की जानकारी मिलते ही खंड शिक्षा अधिकारी स्वामीनाथ भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और छात्र का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से छात्र के स्वास्थ्य की जानकारी ली। शिक्षकों की तत्परता और चिकित्सकीय टीम द्वारा समय पर उपचार शुरू किए जाने से छात्र की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना ने विद्यालय में साफ-सफाई और बंद कमरों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालय परिसर के कमरों की नियमित जांच और साफ-सफाई जरूरी है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। #📰 उत्तर प्रदेश अपडेट #📰मंडल अपडेट📢 #🆕 ताजा अपडेट #📢 ताजा खबर 📰 #बलरामपुर न्यूज़
दैनिक अपडेट
608 views
1 days ago
सरयू जल लेकर लौटे हजारों कांवड़िये, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा रेहरा बाजार जगह-जगह पुष्पवर्षा कर हुआ स्वागत, बाल शिवभक्त रहे आकर्षण का केंद्र; 101 लीटर जल लेकर पहुंचे लवकुश रेहरा बाजार/बलरामपुर। सावन की शिवभक्ति में मंगलवार को रेहरा बाजार क्षेत्र पूरी तरह शिवमय नजर आया। अयोध्या धाम से सरयू जल लेकर लौटे हजारों कांवड़ियों के क्षेत्र में पहुंचते ही सड़कों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भगवा वस्त्रों में कांवड़ उठाए शिवभक्तों के हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। जगह-जगह ग्रामीणों ने तिलक लगाकर कांवड़ियों का स्वागत किया और पुष्पवर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया। क्षेत्र के युवा शिवभक्तों का जत्था नौ अगस्त को करीब 55 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर अयोध्या धाम पहुंचा था। सरयू जल लेकर लौटे कांवड़ियों ने मंगलवार भोर में करौंहा नाथ पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके बाद जत्था मद्दों बाजार और सादुल्लानगर की ओर बढ़ा। रास्ते में ग्रामीणों और समाजसेवियों ने जगह-जगह जलपान व सेवा शिविर लगाकर कांवड़ियों का स्वागत किया। यात्रा में सादुल्लानगर के अलावा अहिरौला, भेलया मदनपुर, नेवादा, कम्मरपुर, गूमा फातमाजोत, हसनापुर, कोटवा दरगाह, धुसवा बाजार और गैंडास बुजुर्ग समेत आसपास के दर्जनों गांवों के श्रद्धालु शामिल रहे। खास बात यह रही कि बड़ी संख्या में बाल शिवभक्त भी कांवड़ यात्रा में शामिल रहे। भगवा वस्त्रों में छोटी कांवड़ लेकर परिजनों के साथ पैदल चलते इन बाल शिवभक्तों की भक्ति और उत्साह देखते ही बन रहा था। सादुल्लानगर के मुबारक मोड़ पर जिला पंचायत सदस्य मानसिंह चौहान की ओर से बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। फूलों की बारिश के बीच डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर शिवभक्त झूमते हुए आगे बढ़े। इस दौरान सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने हर-हर महादेव के जयकारे लगाए। कांवड़ यात्रा में लवकुश 101 लीटर सरयू जल लेकर पैदल पहुंचे। इसके अलावा अन्य श्रद्धालु 90, 61, 40, 30 और 21 लीटर जल लेकर मंदिरों तक पहुंचे। अहिरौला स्थित शिव मंदिर और श्री सिद्धेश्वरनाथ मंदिर में विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। घंटा-घड़ियाल की ध्वनि और हर-हर महादेव के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठा। कांवड़ियों की सेवा के लिए क्षेत्र में जगह-जगह जलपान केंद्र लगाए गए। यहां फल, भोजन और ठंडा पानी वितरित किया गया। चिकित्साधिकारी डॉ. विजय भान के नेतृत्व में स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिसमें वीरेंद्र त्रिपाठी समेत स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। कांवड़ियों की सेवा और स्वागत में राजकुमार शर्मा, सुनील गुप्ता, रामपाल यादव, चिंतन शर्मा, सुरपाल मिश्रा समेत बड़ी संख्या में समाजसेवी और ग्रामीण जुटे रहे। #📰 उत्तर प्रदेश अपडेट #📰मंडल अपडेट📢 #🆕 ताजा अपडेट #📢 ताजा खबर 📰 #बलरामपुर न्यूज़
दैनिक अपडेट
568 views
2 days ago
आवारा कुत्ते का आतंक: दो दिन में 10 लोगों को बनाया शिकार, छह साल की बच्ची और 85 वर्षीय बुजुर्ग भी घायल अचलपुर चौधरी समेत चार गांवों में दहशत, दो घायलों को गोंडा रेफर; बिना छेड़े ही लोगों पर झपट रहा कुत्ता सादुल्लानगर/बलरामपुर। रेहरा बाजार क्षेत्र में एक आक्रामक आवारा कुत्ते का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। छह अगस्त से क्षेत्र में घूम रहे कुत्ते ने सात और आठ अगस्त को अचलपुर चौधरी समेत सांवली, पतकरपुर और परसिया गांव में 10 लोगों को काटकर घायल कर दिया। घायलों में छह वर्षीय बच्ची से लेकर 85 वर्षीय बुजुर्ग तक शामिल हैं। कुत्ते के लगातार हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, कुत्ता बिना किसी छेड़छाड़ के अचानक लोगों पर झपट रहा है। अचलपुर चौधरी में मोहम्मद वसीम (22), राजेश यादव (40), राजा बाबू (28), राम धीरज (55), जुगनू प्रधान (85) और ओम प्रकाश (37) को कुत्ते ने काट लिया। इसके बाद उसने सांवली, पतकरपुर और परसिया गांव में इम्तियाज (50), राम सवारे (40), प्रदीप (25) और छह वर्षीय पिहू को भी घायल कर दिया। कुत्ते के हमले में वसीम और राजेश यादव के पैर में गंभीर चोट आई। दोनों को सीएचसी सादुल्लानगर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गोंडा रेफर कर दिया गया। पिहू को भी गोंडा रेफर किए जाने की जानकारी है। अन्य घायलों का स्थानीय स्तर पर उपचार किया गया। सभी घायलों को एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई गई है। आक्रामक कुत्ते ने राजेश पांडे की भैंस को भी काट लिया। पशु चिकित्सक की ओर से भैंस को वैक्सीन लगाई गई है। फिलहाल उसकी हालत ठीक बताई जा रही है। ग्राम प्रधान अचलपुर चौधरी संजय ने बताया कि कुत्ते को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसकी सूचना वन विभाग को भी दी गई है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है। ग्रामीणों के पास कुत्ते के वीडियो और फोटो भी मौजूद हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द कुत्ते को पकड़वाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि कुत्ता बिना छेड़े ही लोगों पर हमला कर रहा है। इसके चलते बच्चों और बुजुर्गों में विशेष रूप से डर बना हुआ है। ग्रामीण अब घर से बाहर निकलते समय सतर्कता बरत रहे हैं और खुद ही कुत्ते को पकड़ने का प्रयास कर रहे हैं। इस मामले में पशुपालन चिकित्साधिकारी डॉ. विमलेश कुमार से विभागीय पक्ष जानने के लिए कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। ऐसे में विभाग का पक्ष नहीं मिल सका। सीएचसी सादुल्लानगर के चिकित्साधिकारी डॉ. विजय भान ने बताया कि कुत्ते के काटने पर घाव को तत्काल साबुन और साफ पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए। घाव पर किसी तरह की घरेलू चीज नहीं लगानी चाहिए। इसके बाद बिना देरी किए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए। उन्होंने बताया कि कुत्ते के काटने के मामलों में एंटी-रेबीज टीकाकरण बेहद जरूरी है। लोगों को आक्रामक या संदिग्ध कुत्ते से दूरी बनाए रखनी चाहिए और बच्चों को अकेले बाहर नहीं भेजना चाहिए। #📰 उत्तर प्रदेश अपडेट #📰मंडल अपडेट📢 #🆕 ताजा अपडेट #📢 ताजा खबर 📰 #बलरामपुर न्यूज़
दैनिक अपडेट
509 views
2 days ago
सावन के दूसरे सोमवार को उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा सिद्धेश्वर नाथ मंदिर सादुल्लानगर/बलरामपुर। सावन के दूसरे सोमवार को सादुल्लानगर स्थित प्रसिद्ध श्री सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगनी शुरू हो गई। जैसे-जैसे दिन चढ़ा, मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ बढ़ती गई। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। सादुल्लानगर क्षेत्र के अलावा करीब 20 किलोमीटर दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। पुरुषों और महिलाओं के साथ बच्चे भी बाबा के दर्शन के लिए कतार में खड़े नजर आए। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और क्षेत्र में शांति की कामना की। सावन के प्रत्येक सोमवार को मंदिर में भगवान शिव का विशेष श्रृंगार और दिव्य आरती की जाती है। शाम सात से आठ बजे तक होने वाली आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। आरती के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब जाता है। सावन के दूसरे सोमवार को भी मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। भक्ति गीतों और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक उत्साह देखने को मिला। #📰 उत्तर प्रदेश अपडेट #📰मंडल अपडेट📢 #🆕 ताजा अपडेट #📢 ताजा खबर 📰 #बलरामपुर न्यूज़
दैनिक अपडेट
598 views
3 days ago
*नेटवर्क के इंतजार में डाकघर पहुंच रहे उपभोक्ता, 15 दिनों से सेवाएं प्रभावित बलरामपुर। सादुल्लानगर स्थित डाकघर में पिछले करीब 15 दिनों से नेटवर्क की समस्या बनी हुई है। नेटवर्क नहीं होने के कारण डाकघर पहुंचने वाले उपभोक्ताओं को जरूरी सेवाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही है। रोजाना कई उपभोक्ता अपने काम के लिए डाकघर पहुंचते हैं, लेकिन नेटवर्क की समस्या के चलते उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। उपभोक्ता नंदकिशोर, राधेश्याम, किशन जायसवाल, सूरज, संजय और संदीप ने बताया कि डाकघर में कई दिनों से नेटवर्क नहीं आ रहा है। नेटवर्क की समस्या के कारण डाकघर से संबंधित जरूरी काम समय पर नहीं हो पा रहे हैं। उनका कहना है कि दूर-दराज के गांवों से लोग डाकघर पहुंचते हैं, लेकिन काम नहीं होने पर उन्हें दोबारा आना पड़ता है। इससे समय और आने-जाने का खर्च दोनों बर्बाद हो रहे हैं। उपभोक्ताओं ने बताया कि डाकघर की सेवाओं के लिए उन्हें काफी देर तक नेटवर्क आने का इंतजार करना पड़ता है। कई बार घंटों इंतजार के बाद भी समस्या दूर नहीं होती। उपभोक्ताओं ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से जल्द से जल्द नेटवर्क व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। उच्चाधिकारियों को दी गई सूचना पोस्टमास्टर मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि करीब 15 दिनों से डाकघर में नेटवर्क की समस्या है। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। नेटवर्क समस्या का समाधान कराने के लिए संबंधित स्तर पर प्रयास किया जा रहा है। नेटवर्क व्यवस्था बहाल होने के बाद डाकघर की सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो सकेंगी। लगातार 15 दिनों से नेटवर्क बाधित होने के कारण उपभोक्ताओं में नाराजगी है। लोगों ने विभागीय अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान कराने की मांग की है, ताकि डाकघर की सेवाओं का लाभ लेने के लिए आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। #📰 उत्तर प्रदेश अपडेट #📰मंडल अपडेट📢 #🆕 ताजा अपडेट #📢 ताजा खबर 📰 #बलरामपुर न्यूज़
दैनिक अपडेट
546 views
3 days ago
*अयोध्या के लिए रवाना हुआ कांवड़ियों का जत्था, 11 को सिद्धेश्वरनाथ पर होगा जलाभिषेक सादुल्लानगर (बलरामपुर)। श्री सिद्धेश्वरनाथ कांवड़िया संघ के तत्वावधान में रविवार को सादुल्लानगर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से कांवड़ियों का जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। केसरिया ध्वज दिखाकर कांवड़ियों को अयोध्या के लिए रवाना किया गया। इस दौरान हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। डीजे की धुन पर भक्ति गीतों के बीच बड़ी संख्या में शिवभक्त अयोध्या के लिए रवाना हुए। कांवड़िया अयोध्या धाम पहुंचकर सरयू नदी का पावन जल लेकर नंगे पांव पैदल यात्रा करेंगे। 11 अगस्त को सादुल्लानगर स्थित श्री सिद्धेश्वरनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का सरयू जल से जलाभिषेक करेंगे। कांवड़िया संघ के अध्यक्ष ने कहा कि भगवान शिव श्रद्धा, सेवा और समर्पण के प्रतीक हैं। बाबा भोलेनाथ की कृपा से ही कांवड़ियों में आस्था और ऊर्जा बनी रहती है। अयोध्या धाम से सरयू का पावन जल लेकर नंगे पांव अपने आराध्य भगवान सिद्धेश्वरनाथ का जलाभिषेक करना सभी श्रद्धालुओं के लिए परम सौभाग्य का विषय है। उन्होंने बाबा सिद्धेश्वरनाथ से सभी कांवड़ियों की यात्रा मंगलमय करने और क्षेत्र में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सेवा भगवान शिव की सेवा के समान है। इसी भावना के साथ यात्रा मार्ग पर जगह-जगह जलपान, भोजन-प्रसाद और स्वागत की व्यवस्था की गई है। कांवड़ यात्रा में सादुल्लानगर क्षेत्र की विभिन्न ग्राम सभाओं से श्रद्धालु शामिल हुए। इनमें रंकी बदलापुर, अहरौला, नत्थईपुर, अचलपुर, हसऊंपुर, रामपुर अरना, धूसवा बाजार, परसरामपुर, खरिका, भुजैनिक भार, गोल्हीपुर, गद्दीपुर, हसनापुर, अलाउद्दीनपुर, किशुनपुर, कम्मरपुर, गद्नाजोत, पलई, रहमतपुर, देवरिया, जिगनी, जिगना और मद्दों भट्ठा सहित आसपास के गांवों के कांवड़िए शामिल हैं। श्री सिद्धेश्वरनाथ कांवड़िया संघ की समिति ने बताया कि अयोध्या धाम से सादुल्लानगर तक कांवड़ियों की सेवा के लिए श्री सिद्धेश्वरनाथ सेवा दल के सदस्य विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी, सदस्य और क्षेत्र के सम्मानित लोग मौजूद रहे। #📰 उत्तर प्रदेश अपडेट #📰मंडल अपडेट📢 #🆕 ताजा अपडेट #📢 ताजा खबर 📰 #बलरामपुर न्यूज़
दैनिक अपडेट
462 views
4 days ago
जिगना से सादुल्लानगर तक सड़क का इंतजार, जर्जर खड़ंजे से गुजरने को मजबूर ग्रामीण सादुल्लानगर (बलरामपुर)। देवरिया जिगना से सादुल्लानगर को जोड़ने वाला मार्ग ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। रुस्तमपुरवा से इलाही शाह मजार तक पक्की सड़क बनने के बाद भी जिगना गांव के पहले ही सड़क का निर्माण कार्य समाप्त हो गया। इसके आगे जिगना से सादुल्लानगर तक करीब एक किलोमीटर मार्ग आज भी वर्षों पुराने जर्जर खड़ंजे के सहारे है। ग्रामीणों के मुताबिक, यह रास्ता सादुल्लानगर बाजार पहुंचने के लिए सबसे कम दूरी वाला मार्ग है। खड़ंजा जर्जर होने के कारण जगह-जगह सड़क उखड़ गई है। बारिश के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है। पैदल राहगीरों के साथ दोपहिया वाहन चालकों को भी आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों का आरोप है कि मार्ग की बदहाली की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों को होने के बावजूद अब तक सड़क निर्माण की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई है। इससे लोगों में नाराजगी है। स्थानीय निवासी भानु प्रताप मौर्य, राजकुमार, राजेंद्र, मुकेश गुप्ता और आशीष ने प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से जिगना गांव से सादुल्लानगर तक करीब एक किलोमीटर सड़क का पक्कीकरण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि सादुल्लानगर बाजार की दूरी भी कम हो जाएगी। क्षेत्र के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। #📰 उत्तर प्रदेश अपडेट #📰मंडल अपडेट📢 #🆕 ताजा अपडेट #📢 ताजा खबर 📰 #बलरामपुर न्यूज़
दैनिक अपडेट
582 views
5 days ago
भावुक माहौल में थाना प्रभारी दुर्गेश सिंह को विदाई, अनिल दीक्षित ने संभाली रेहरा बाजार थाने की कमान रेहरा बाजार (बलरामपुर)। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के तहत रेहरा बाजार के प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश सिंह का तबादला प्रभारी निरीक्षक मंदिर सुरक्षा के पद पर कर दिया गया है। वहीं एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक अनिल दीक्षित को रेहरा बाजार थाने का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। शुक्रवार को रेहरा बाजार थाने में सादगीपूर्ण विदाई एवं स्वागत समारोह आयोजित किया गया। थाना परिसर में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश सिंह को भावभीनी विदाई देते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की। इस दौरान उन्हें स्मृति-चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। समारोह का माहौल भावुक रहा और सहकर्मियों ने उनके सरल व्यवहार व बेहतर कार्यशैली की प्रशंसा की। इसके बाद नवागत थानाध्यक्ष अनिल दीक्षित का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण करना तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद एवं विश्वास कायम करने का भी भरोसा दिलाया। गौरतलब है कि पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के तहत जिले के सात निरीक्षकों एवं उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। इसी क्रम में रेहरा बाजार थाने की जिम्मेदारी अब अनिल दीक्षित को सौंपी गई है, जबकि दुर्गेश सिंह को मंदिर सुरक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। #📰 उत्तर प्रदेश अपडेट #📰मंडल अपडेट📢 #🆕 ताजा अपडेट #📢 ताजा खबर 📰 #बलरामपुर न्यूज़